>केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। लंबे इंतजार के बाद आठवें वेतन आयोग को लेकर नई हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, सरकार जल्द ही इस पर औपचारिक घोषणा कर सकती है। इस आयोग के गठन से देशभर में करीब 50 लाख सरकारी कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनभोगियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
>रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार 8वें वेतन आयोग से संबंधित अधिसूचना नवंबर 2025 तक जारी कर सकती है। वर्तमान में वित्त मंत्रालय और कार्मिक विभाग इस प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सरकार ने आयोग की रूपरेखा तय करने और सदस्यों की सूची पर मंथन शुरू कर दिया है।वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने हाल ही में कहा कि “सरकार इस विषय पर सक्रियता से काम कर रही है और सही समय पर अधिसूचना जारी की जाएगी।” फिलहाल सरकार वित्त विभाग और राज्यों से प्राप्त सुझावों की समीक्षा कर रही है ताकि आयोग के दायरे और सिफारिशों को स्पष्ट रूप दिया जा सके।
>जानकारों के अनुसार, 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो जाएगा, इसलिए केंद्र सरकार को नए आयोग के गठन की दिशा में तेज़ी लानी होगी। संभावना है कि इसी अवधि में 8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।
>यदि सब कुछ तय समय पर होता है तो आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें वर्ष 2028 तक लागू हो सकती हैं। पिछले अनुभवों के अनुसार, आयोग के गठन से लेकर रिपोर्ट लागू होने में लगभग दो से तीन साल का समय लगता है। हालांकि, सरकार इस दौरान कर्मचारियों को वेतन वृद्धि के रूप में एरियर देने की योजना पर भी विचार कर रही है ताकि किसी को नुकसान न हो।
>8वें वेतन आयोग के लागू होने से कर्मचारियों के बेसिक पे, एचआरए, डीए (महंगाई भत्ता) और अन्य भत्तों में बढ़ोतरी होगी। इससे न केवल कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ेगी बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें