Friday, 27 November 2026 | Lucknow | 29°C

SP Manifesto 2027: अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का मेनिफेस्टो, 25 लाख सरकारी नौकरियों और 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ते का बड़ा वादा

SP Manifesto 2027: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, शिक्षकों, कर्मचारियों और समाज के पिछड़े वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए।
Bureau
Bureau News Desk
26 Nov 2026
05:12 PM
1 min read
SP Manifesto 2027: अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का मेनिफेस्टो, 25 लाख सरकारी नौकरियों और 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ते का बड़ा वादा
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
जातिगत जनगणना से लेकर 5 रुपये में भोजन तक
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का ऐलान
जातिगत जनगणना कराकर बनाई जाएंगी विकास योजनाएं
बंद हुए 26 हजार स्कूल फिर खोलने और पुरानी पेंशन बहाली का भी वादा

SP Manifesto 2027: संविधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, शिक्षकों, कर्मचारियों और समाज के पिछड़े वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए। सपा के घोषणापत्र में जातिगत जनगणना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और संविधान की रक्षा को प्रमुखता दी गई है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन तो कभी आए नहीं, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि आने वाले समय में महिलाओं यानी आधी आबादी के लिए अलग से घोषणापत्र जारी किया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी का मेनिफेस्टो केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि शोषित, वंचित, गरीब और पीड़ित लोगों के सम्मान तथा अधिकारों को स्थापित करने का संकल्प है।

अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने बीजेपी और संविधान बदलने की बात करने वाली शक्तियों पर निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभुत्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता बनाए रखने के लिए संविधान को कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं। समाजवादी पार्टी संविधान के जरिए सामाजिक भेदभाव खत्म करने, आरक्षण बचाने और समानता स्थापित करने के पक्ष में है। अखिलेश यादव ने कहा कि जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए बढ़ेगा। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र संविधान और आरक्षण की रक्षा के साथ पीड़ित, दुखी, अपमानित, शोषित, वंचित और गरीब लोगों की गरिमा तथा आत्मसम्मान स्थापित करने का प्रयास है।

समाजवादी पार्टी ने घोषणापत्र में जातिगत जनगणना कराने का वादा किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर प्रदेश में जातिगत जनगणना शुरू कराई जाएगी। इससे अलग-अलग जातियों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति की वास्तविक जानकारी मिलेगी। इसी आधार पर संबंधित समुदायों के उत्थान के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, मुसलमानों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। अखिलेश ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का अपमान और उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और गरीब परिवारों को राहत देने के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया है। इन कैंटीनों में पीडीए, महिलाओं और गरीबों को केवल 5 रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसके अलावा बुजुर्ग महिलाओं और महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने का संकल्प लिया गया है। यह रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। पार्टी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी सुरक्षा, सम्मान और मुफ्त शिक्षा करने की बात भी कही है। अखिलेश यादव ने संकेत दिया कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों और योजनाओं को विस्तार से बताने के लिए अलग घोषणापत्र भी जारी किया जाएगा।

युवाओं और बेरोजगारों के लिए समाजवादी पार्टी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। पार्टी ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही निजी क्षेत्र और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है। सपा ने हर ग्रेजुएट छात्र को नौकरी या रोजगार दिलाने की बात कही है। जब तक स्नातक युवाओं को नौकरी या रोजगार नहीं मिलता, तब तक उन्हें हर महीने 5,000 रुपये पोषण भत्ता देने का वादा किया गया है। युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, विदेश में पढ़ाई, खेल और कला के क्षेत्र में प्रशिक्षण तथा आर्थिक सहायता की व्यवस्था करने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है। इसके अलावा स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाए जाएंगे। शहरी युवाओं को रोजगार देने के लिए शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का भी वादा किया गया है।

सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए सपा ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने का वादा किया है। पार्टी के मुताबिक सरकारी रिक्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा और सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराई जाएंगी। पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराने की बात कही गई है। घोषणापत्र के अनुसार एक परीक्षा वाली भर्ती प्रक्रिया तीन महीने और एक से अधिक परीक्षाओं वाली भर्ती प्रक्रिया छह महीने में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। परीक्षा परिणाम भी समय पर और पारदर्शी तरीके से जारी किए जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि विश्वविद्यालयों से लेकर प्राथमिक विद्यालयों तक मनमानी हो रही है और बड़े पैमाने पर स्कूल बंद किए जा रहे हैं। सपा ने सत्ता में आने पर बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने का वादा किया है। पार्टी राज्य शिक्षा नीति लाएगी, जिससे सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिल सके। इसके अलावा 12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर से शुरू करने का ऐलान किया गया है। अखिलेश यादव ने मौजूदा टैबलेट योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किस जमाने के टैबलेट दिए जा रहे हैं, यह उनका इस्तेमाल करने वाले ही जानते होंगे। उन्होंने शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जब शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा सच्ची होगी, तभी तरक्की पक्की होगी।

घोषणापत्र में समाजवादी पार्टी ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा भी किया है। शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन और स्थायी नौकरी देने की बात कही गई है। आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, नर्सिंग स्टाफ, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों सहित सरकारी तथा गैर सरकारी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए बेहतर वेतन, सामाजिक सुरक्षा और न्यायसंगत सेवा शर्तें लागू करने का संकल्प लिया गया है। पार्टी का कहना है कि कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

ग्रामीण विकास को लेकर सपा ने गांवों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का वादा किया है। घोषणापत्र में गांवों तक बिजली, पानी, सीवर, सड़क, वाईफाई, सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट पहुंचाने की बात कही गई है। साथ ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नए गांव विकसित करने का संकल्प लिया गया है। हर गांव, बस्ती और शहर को सड़क, पुल, रेल और हवाई संपर्क से जोड़ने की योजना है। हाईवे, मेट्रो, रोपवे, आधुनिक मंडियां, सस्ती बिजली, स्वच्छ पानी और इंटरनेट जैसी सुविधाओं का विस्तार भी प्रस्तावित है। किसानों के लिए समाजवादी पार्टी ने उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने और फसलों का भुगतान समय पर करने का वादा किया है। मजदूरों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य देने की बात भी कही गई है। पार्टी ने कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बेहतर करने के लिए संतुलित विकास की नीति अपनाने का संकल्प जताया है।

अखिलेश यादव ने भविष्य की तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल लोगों की जिंदगी को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए किया जाएगा। साथ ही एआई के कारण रोजगार और जीवनशैली पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को कम करने की कोशिश होगी। पार्टी ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने और सतत विकास को बढ़ावा देने का वादा किया है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक AI तकनीक, बॉडी कैमरा, सीसीटीवी नेटवर्क, फॉरेंसिक लैब और डेटा आधारित पुलिसिंग लागू करने की बात कही गई है। पुलिस व्यवस्था को राजनीतिक दबाव, जातिगत भेदभाव, भ्रष्टाचार और हिरासत में हिंसा से मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया है। महिला सुरक्षा के लिए डायल 1090 और 112 सेवाओं को मजबूत करने तथा फास्ट ट्रैक अदालतों के जरिए जल्द न्याय सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में जरूरतमंदों, बीमारों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। इसके साथ ही प्रभावी एंबुलेंस व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई है। समाजवादी पार्टी ने कलाकारों, अभिनेताओं, गायकों, खिलाड़ियों, चित्रकारों, शिल्पकारों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों के लिए विशेष योजनाएं बनाने का संकल्प लिया है। पार्टी ने यश भारती सम्मान को पहले से अधिक पुरस्कार राशि के साथ दोबारा शुरू करने का भी वादा किया है।

Explore Related Topics

Akhilesh Yadav Samajwadi Party Manifesto 2027 UP Election 2027

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News