Friday, 27 November 2026 | Lucknow | 29°C

Owaisi-Chandrashekhar rally in Lucknow: ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद की महारैली, मोदी-योगी पर बरसे दोनों नेता

Owaisi-Chandrashekhar rally in Lucknow: लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली के जरिए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई।
Bureau
Bureau News Desk
26 Nov 2026
03:59 PM
1 min read
Owaisi-Chandrashekhar rally in Lucknow: ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद की महारैली, मोदी-योगी पर बरसे दोनों नेता
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली में उमड़ी भीड़
संविधान, आरक्षण, स्मार्ट मीटर और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा
स्मार्ट मीटर और आरक्षण पर चंद्रशेखर ने सरकार को घेरा
बुलडोजर कार्रवाई और महंगाई पर योगी सरकार को घेरा

Owaisi-Chandrashekhar rally in Lucknow: लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली के जरिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने राजनीतिक ताकत दिखाई। रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित रैली में दोनों नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लेते हुए कहा कि रैली में उमड़ी भारी भीड़ उन्हें संदेश दे रही है कि अब उनके दिन खत्म होने वाले हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब धोखेबाजी का शिकार नहीं होने वाली है।

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी तब तक चैन से नहीं बैठेंगी, जब तक उत्तर प्रदेश के गरीबों, कमजोरों और शोषित लोगों को इंसाफ नहीं मिल जाता। उन्होंने अपने और चंद्रशेखर आजाद पर हुए कथित हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि गोलियां चलने और जान को खतरा होने के बावजूद वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।

ओवैसी ने संविधान की रक्षा करने की अपील करते हुए संघ परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की सुरक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार रहना चाहिए, क्योंकि संविधान कमजोर हुआ तो यह देश के नागरिकों के अधिकारों और भविष्य के लिए बड़ा खतरा होगा। ओवैसी ने कहा कि याद रखो मुसलमानों सिर्फ वोट देने वाले बनकर रह गए। मुसलमानों का अब सिर्फ दरी बिछाने वाला नहीं बनना है, बल्कि नेता बनकर कुर्सी संभालनी है। सिर्फ वोट देने से भी काम नहीं चलेगा।चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री बनाना होगा। तभी जाकर जुल्म को रोक पाएंगे। ओवैसी ने कहा कि अब्दुल अपना हिस्सा लेगा। अखिलेश यादव को ओवैसी ने चुनौती दी कि करहल से मुसलमान को टिकट देकर दिखाइए।

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली को संबोधित करते हुए सांसद चंद्रशेखर आजाद ने स्मार्ट मीटर और आरक्षण के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम लोगों के बिजली बिल में भारी बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक, जिन परिवारों का पहले 200 से 400 रुपये तक बिल आता था, उनका बिल बढ़कर पांच हजार रुपये तक पहुंच गया। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों में एससी-एसटी आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कन्नौज, सहारनपुर, जालौन और अंबेडकरनगर के मेडिकल कॉलेजों में आरक्षण के अधिकार प्रभावित होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों को उनके अधिकार मिलने चाहिए।

चंद्रशेखर ने कहा कि राजनीतिक ताकत के बिना समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने बाबा साहेब के विचार 'पॉलिटिकल पावर इज द मास्टर की' का जिक्र करते हुए लोगों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों से राजनीतिक दल गरीबी और बेरोजगारी दूर करने के वादे करते आए हैं, लेकिन अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय आज भी कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने और किस्मत के भरोसे नहीं बैठने की अपील की। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बुलडोजर कार्रवाई का सबसे ज्यादा असर दलित और मुस्लिम समुदायों पर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो किसी निर्दोष के खिलाफ गलत कार्रवाई नहीं होगी और केवल अपराध करने वालों को कानून के मुताबिक सजा मिलेगी। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को चुनाव के समय ही जनता की समस्याएं याद आती हैं। चंद्रशेखर ने अपने संघर्ष और जेल में बिताए 16 महीनों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट हुई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। चंद्रशेखर आजाद ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास उनके लिए जाति और धर्म से ऊपर है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर जनता के लिए अपना सबकुछ कुर्बान करने की बात कही। 

Explore Related Topics

Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad Lucknow Mega Rally

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News