Friday, 27 November 2026 | Lucknow | 29°C

Yogi Adityanath: संविधान दिवस पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, कहा जनता को कर रहे गुमराह

Yogi Adityanath: संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।
Bureau
Bureau News Desk
26 Nov 2026
02:44 PM
1 min read
Yogi Adityanath: संविधान दिवस पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, कहा जनता को कर रहे गुमराह
सोर्स - फाइल फोटो
हाइलाइट्स
संविधान दिवस पर सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
बोले- संविधान के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे कुछ लोग
भारत की संप्रभुता किसी परिवार या जाति विशेष के हाथ में नहीं
हर नागरिक संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिम्मेदार

Yogi Adityanath: संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संविधान के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष के हाथ में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक के पास है। हर भारतीय संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिम्मेदार है। सीएम योगी ने कहा कि हमारा संविधान 145 करोड़ देशवासियों का गौरव है। यह हमें अधिकार देने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों और देश के प्रति जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।

हर नागरिक देश और संविधान का रक्षक

सीएम योगी ने कहा कि संविधान ने हर वयस्क भारतीय को बिना किसी भेदभाव के वोट देने का अधिकार दिया है। जाति, क्षेत्र, भाषा और महिला-पुरुष के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में लोगों को समान अधिकार मिलने में लंबा समय लगा, लेकिन भारत में संविधान लागू होने के साथ ही सभी वयस्क नागरिकों को मतदान का अधिकार मिल गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का राजनीतिक भविष्य यहां के नागरिक ही तय करते हैं। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि वही देश का असली संरक्षक है।

लाल किताब लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग लाल किताब लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन लोगों को सत्ता में रहने का मौका मिला, तब उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया। सीएम योगी ने कहा कि आजादी के बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को प्रभावित करने के लिए किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि समय-समय पर अपने राजनीतिक हितों के लिए संविधान में बदलाव किए गए। ऐसे प्रयासों से सभी को सावधान रहने की जरूरत है।

कांग्रेस पर बाबा साहेब का सम्मान नहीं करने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं मिलने दिया और उन्हें संसद पहुंचने में रोकने के प्रयास किए। उन्होंने सपा सरकार पर भी तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली समाजवादी पार्टी सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। बाद में असीम अरुण के पत्र लिखने पर प्रदेश सरकार ने फिर से मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर रखा। उन्होंने बताया कि उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया है।

महाराज सुहेलदेव और राजा महेंद्र प्रताप सिंह का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने करीब एक हजार साल पहले विदेशी आक्रमणकारियों का मुकाबला कर देश की रक्षा की थी, लेकिन उनके नाम पर कोई बड़ा स्मारक नहीं बनाया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद बहराइच में महाराज सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनाया गया। बहराइच और आजमगढ़ के मेडिकल कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा गया। सीएम ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार बनाने वाले राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय बनाया गया है।

संविधान की मूल प्रति में भगवान राम और कृष्ण के चित्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद सबसे पहले संसद और संविधान को प्रणाम किया था। नए संसद भवन में संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र भी शामिल हैं। ये चित्र भारत की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री ने संविधान बनाने में उत्तर प्रदेश के योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संविधान सभा में यूपी के 55 सदस्य थे। वहीं, संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों में छह उत्तर प्रदेश से थीं। सुचेता कृपलानी, गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव ने भी संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम में अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा लगाने, अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने और संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धन में सुविधाओं के विकास को भी अपनी सरकार के कामों में गिनाया।

कानून का राज ही विकास की गारंटी

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में स्कूलों की हालत खराब थी। स्कूलों में ना भवन थे और न पर्याप्त शिक्षक। नकल आम बात थी और युवाओं को नौकरी पाने में परेशानी होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्तियों में वसूली होती थी और पेपर लीक की घटनाएं सामने आती थीं। गरीबों को राशन नहीं मिलता था, किसानों को परेशानी उठानी पड़ती थी और महिलाओं की सुरक्षा भी चिंता का विषय थी। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बिजली, सुरक्षा और रोजगार के अवसरों की कमी के कारण लोग पलायन करते थे। उन्होंने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि संविधान की भावना के अनुसार शासन चलाया जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

Explore Related Topics

Constitution Day 2026 Constitution Gaurav Diwas Yogi Adityanath Speech

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News