>बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले चुनाव आयोग ने बीजेपी, जेडीयू, आरजेडी और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ एक अहम बैठक आयोजित करने की योजना बनाई है। यह बैठक 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पटना के होटल ताज में होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त स्वयं सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान होने की संभावना है।
>चुनाव आयोग के अधिकारी लगातार बिहार में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। बीते बुधवार (1 अक्टूबर) को वरीय उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल और राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी कुंदन कृष्णन भी शामिल हुए।
>बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने की तैयारियों की समीक्षा करना था। बैठक में निर्वाचन सूची, मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, ईवीएम और वीवीपैट व्यवस्था, तथा मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने की तैयारियों पर गहन चर्चा हुई।
>विधानसभा चुनाव में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। अर्धसैनिक बलों की तैनाती, आर्म्स रिकवरी, अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौकसी, शराब की जब्ती और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को सुनिश्चित करने का आदेश अधिकारियों को दिया गया।
>साथ ही मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय, रैम्प, फर्नीचर और संकेतक जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विशेष रूप से 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था को व्यापक प्रचारित किया जाएगा, ताकि सभी मतदाता आसानी से मतदान प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें