पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Haryana News: पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में युवक गिरफ्तार, दूतावास से था संपर्क - सीआईए पुलिस ने रिमांड पर लिया, डिलीट चैट रिकवर कर जांच तेज


>हरियाणा के पलवल जिले में पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान हथीन उपमंडल के कोट गांव निवासी वसीम के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी 26 सितंबर को जासूसी के आरोप में पकड़े गए तौफीक से पूछताछ के बाद की गई।


>पुलिस के अनुसार, वसीम के पिता गांव में एक अस्पताल चलाते हैं और उनकी पाकिस्तान में रिश्तेदारी है। साल 2021 में पाकिस्तान जाने के लिए वीजा बनवाने के दौरान वसीम पाकिस्तान दूतावास में तैनात दानिश और एक अन्य कर्मचारी के संपर्क में आया था। पिछले चार साल से वह इन अधिकारियों के साथ व्हाट्सएप के जरिए लगातार संवाद में था।


>जांच टीम को वसीम के फोन से कुछ चैट्स मिली हैं, जबकि कई चैट्स उसने डिलीट कर दी थीं। साइबर तकनीक की मदद से इन डिलीट चैट्स को रिकवर किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पाकिस्तान को कौन-कौन सी संवेदनशील जानकारियां भेजी थीं। पुलिस ने बताया कि वसीम ने दिल्ली जाकर इन अधिकारियों के लिए एक सिम कार्ड भी मुहैया कराया था।


>वसीम के परिजनों का कहना है कि वह कभी पाकिस्तान नहीं गया। वहीं, तौफीक को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वसीम को पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड पर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वसीम एक यू-ट्यूब चैनल भी चलाता है और बाकी समय अपने पिता के अस्पताल में मदद करता है। अब उसका नाम शहर थाने में तौफीक के खिलाफ दर्ज देशद्रोह के मामले में जोड़ दिया गया है।


 

टैग्स :  

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें