CBSE Board Exam 2027: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। साल 2027 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच सीबीएसई बोर्ड ने सभी संबंधित स्कूलों को छात्रों की जानकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर जमा करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को अब परीक्षा की डेटशीट जारी होने का इंतजार है।
सीबीएसई की ओर से 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी करने की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। हालांकि पिछले वर्षों के परीक्षा कार्यक्रम को देखते हुए विद्यार्थियों को जल्द अपडेट मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल सीबीएसई बोर्ड ने 24 सितंबर को संभावित डेटशीट जारी की थी। 30 अक्टूबर को अंतिम डेटशीट जारी की थी और परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई थीं। डेटशीट में परीक्षा की तारीख, विषय, समय और विषयों के कोड जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। जारी होने के बाद विद्यार्थी इसे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे।
सीबीएसई की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स जमा करने की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर निर्धारित है। स्कूलों को 10वीं और 12वीं के पात्र विद्यार्थियों का विवरण इस समयसीमा के भीतर जमा करना होगा। बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक निर्धारित तारीख तक बिना लेट फीस के लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स जमा किया जा सकता है। स्कूलों को परीक्षा शुल्क भी निर्धारित समय पर जमा करना होगा।
बोर्ड ने स्कूलों को विद्यार्थियों का विवरण दर्ज करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। नाम, जन्मतिथि और अन्य जरूरी जानकारियों में गलती होने से भविष्य में परेशानी हो सकती है। इसलिए स्कूलों को सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच करने के बाद ही उन्हें जमा करना चाहिए। विद्यार्थियों को भी अपने स्कूल से संपर्क बनाए रखना चाहिए, ताकि उनके रिकॉर्ड में किसी तरह की त्रुटि होने पर समय रहते सुधार कराया जा सके।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें