>विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के भौंराजपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान फायरिंग करने के बाद फरार हुए युवक को शनिवार शाम छिबरामऊ में पुलिस ने घेर कर गिरफ्तार कर लिया।
>पुलिस के अनुसार भौंराजपुर गांव में भाइयों के बीच बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान एक युवक ने कथित रूप से गोली चला दी और वहां से फरार हो गया। इसके बाद छिबरामऊ नगर पालिका रोड पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। करीब सात बजे बाइक सवार युवकों का पीछा करती पुलिस की गाड़ियां देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सीओ सुरेश मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
>पकड़े गए युवक को थाने भेज दिया गया। पुलिस देर शाम तक मामले में स्पष्ट जानकारी देने से बचती रही। सीओ सुरेश मलिक ने बताया कि यह विशुनगढ़ क्षेत्र का मामला है और प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की पुष्टि हुई है। उनके अनुसार एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विशुनगढ़ थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने भी जांच जारी रहने की बात कही।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें