>गोरखपुर, 22 सितंबर। शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर शक्ति की उपासना से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसेवा का संकल्प दोहराया। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी ने करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
>महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं जनता के बीच पहुंचे और एक-एक कर सबकी बात सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी समस्या अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी और हर शिकायत का निस्तारण संतुष्टिपरक होगा।
>एक महिला द्वारा राशन कार्ड न होने की समस्या उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के अनुसार न केवल राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए बल्कि पेंशन योजना का लाभ भी सुनिश्चित हो।
>जमीन कब्जा और विवादों से जुड़ी शिकायतों पर सीएम योगी ने दो टूक कहा कि गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
>जनता दर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वालों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पैसे की कमी से किसी का इलाज रुकने नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उपचार से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजे जाएं ताकि समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध हो सके।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें