दिल्ली खारी बावली में नकली मसालों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 800 किलो से ज्यादा मिलावटी मसाले बरामद

दिल्ली क्राइम ब्रांच की छापेमारी में मिलावटी मसाला फैक्ट्री पकड़ी गई, हानिकारक रंग और घटिया सामग्री से तैयार हो रहे थे मसाले।
Bureau 28 May 2026, 07:03 PM 1 min read
दिल्ली खारी बावली में नकली मसालों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 800 किलो से ज्यादा मिलावटी मसाले बरामद

राजधानी दिल्ली में ही नहीं बल्कि पूरे एशिया में प्रसिद्ध मसाला बाजार खारी बावली में चल रहे नकली मसालों के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नया बांस इलाके में छापेमारी कर एक अवैध मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 801.88 किलोग्राम मिलावटी मसाले, हानिकारक केमिकल, नकली रंग और भारी मशीनें बरामद की गईं। मामले में फैक्ट्री संचालक कमलजीत को गिरफ्तार किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में हल्दी, लाल मिर्च, पीली मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर और गरम मसाला बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे थे। इन मसालों में खाने योग्य नहीं होने वाले आर्टिफिशियल रंग, चावल का चूरा, सूखी मिर्च की डंडियां और धनिए के डंठल मिलाए जा रहे थे। तैयार मसालों को छोटे पैकेट में पैक कर दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था।

 

डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया कि आरोपी कमलजीत मूल रूप से मुकुंदपुर का रहने वाला है। वह पहले साप्ताहिक बाजारों में मसालों की रेहड़ी लगाता था। अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से उसने करीब डेढ़ वर्ष पहले खारी बावली के नया बांस इलाके में किराये पर जगह लेकर फैक्ट्री शुरू की थी।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़े ब्रांड के नाम का इस्तेमाल नहीं करता था, बल्कि मसालों को छोटे पैकेट में स्थानीय स्तर पर बेचता था। 23 मई को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि इलाके में बड़े पैमाने पर मिलावटी मसाले तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद एसीपी पंकज अरोड़ा और इंस्पेक्टर अमित सोलंकी की टीम ने छापा मार कार्रवाई की।

 

छापेमारी के दौरान दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। विभाग ने मसालों के नमूने लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में मिलावटी हल्दी, लाल मिर्च और पीली मिर्च पाउडर के अलावा सिंथेटिक रंग, चावल का चूरा, मिर्च की डंडियां, धनिए के डंठल और मसाले पीसने वाली मशीनें जब्त की हैं। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी ‘ई-साक्ष्य एप’ के माध्यम से कराई गई।

 

क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

 

इस मामले के बीच मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की एक घटना भी चर्चा में है। मई 2026 में कसरावद क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती राखी की हल्दी रस्म के दौरान बाजार से खरीदी गई हल्दी लगाने के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। शरीर पर लाल चकत्ते, चेहरे और होंठों में सूजन तथा सांस लेने में तकलीफ के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले ने मिलावटी मसालों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

दिल्ली HC ने दो चीनी नागरिकों के चीन जाने पर लगाई रोक, 20 हजार करोड़ रुपये के मामले में सुनाया अहम आदेश
अयोध्या जाने से पहले केजरीवाल ने पूछा- इतनी बड़ी घटना के बाद जवाब कौन देगा?
संजय दत्त की व्हिस्की पर संकट, दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया ये आदेश
दिल्ली के एक कैफे के पास शुरू हुई कार्रवाई, जांच पहुंची विदेशी नागरिकों तक; ऐसे टूटी ड्रग्स सप्लाई चेन
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम, 21 जून को बारिश के आसार; अगले कई दिन 40 डिग्री से नीचे रहेगा तापमान
दो लाख रुपये मांगने का आरोप, महिला पार्षद ने एमसीडी के जेई का पकड़ लिया कॉलर
पहले बैट से हमला, फिर खुखरी से किए कई वार; दिल्ली हत्याकांड में आरोपी डॉक्टर ने क्या बताया
दिल्ली में बाइक पार्किंग को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने लिया खूनी रूप, महिला की मौत
सीट के लिए शुरू हुआ झगड़ा बना जानलेवा, योगा एक्सप्रेस में युवक की पीट-पीटकर हत्या