लखनऊ की प्रार्थना सभा में ले जाए जा रहे थे 30 ग्रामीण, धर्मांतरण के आरोप में एक गिरफ्तार

विश्व हिन्दू परिषद् की सूचना पर जालौन पुलिस की कार्रवाई; बस से धार्मिक पुस्तकें मिलने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा।
Bureau 28 May 2026, 06:33 PM 1 min read
लखनऊ की प्रार्थना सभा में ले जाए जा रहे थे 30 ग्रामीण, धर्मांतरण के आरोप में एक गिरफ्तार

 

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुधवार रात पुलिस ने एक प्राइवेट बस को रोककर उसमें सवार 30 ग्रामीणों को उतार लिया। विश्व हिंदू परिषद  की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने धर्मांतरण के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

 

पुलिस के अनुसार बस में सवार ग्रामीणों को लखनऊ के उतरेटिया क्षेत्र में आयोजित एक प्रार्थना सभा में ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान बस में मौजूद तीन महिलाओं के पास ईसाई धर्म से जुड़ी धार्मिक पुस्तकें मिलने की भी बात सामने आई है। कुठौंद थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं की सूचना पर कस्बे में एक निजी बस को रोका गया। बस में करीब 30 महिला और पुरुष सवार थे। पूछताछ में ग्रामीणों ने धर्मांतरण की बात से इनकार किया, लेकिन तलाशी के दौरान कुछ धार्मिक पुस्तकें बरामद हुईं।

 

पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। बाद में सभी ग्रामीणों को निजी साधनों से उनके घर भेज दिया गया। मामले में सिरसा कलार निवासी विवेक कुमार दोहरे को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह लोगों को लखनऊ के उतरेटिया में आयोजित प्रार्थना सभा में लेकर जा रहा था।

 

पुलिस ने ग्राम ऊद निवासी मोहित चौधरी और अमित को भी नामजद किया है। दोनों घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि कुठौंद क्षेत्र के गांव ऊद, सिरसा कलार और आसपास के इलाकों में कुछ लोग गरीब ग्रामीणों को पैसे और अन्य प्रलोभन देकर प्रार्थना सभाओं में शामिल करा रहे हैं। संगठन ने आशंका जताई कि इन सभाओं में लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जाता है।

 

सूचना मिलने के बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने बस पर नजर रखी और इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। सीओ शैलेंद्र कुमार वाजपेयी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि प्रार्थना सभा के आयोजकों और वहां लाए जा रहे लोगों के बीच क्या संबंध है। फरार आरोपितों की तलाश भी जारी है। इस बीच, उतरेटिया क्षेत्र में की गई स्थानीय पड़ताल में सामने आया कि सेंट जॉन वैनी स्कूल परिसर में रविवार को नियमित रूप से प्रार्थना सभा आयोजित होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां हर सप्ताह बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।

 

पास में दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि सभा में पीजीआई अस्पताल की कुछ नर्सें भी शामिल होती हैं और कार्यक्रम के संचालन में केरल से जुड़े कुछ लोग सक्रिय रहते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले यहां कम लोग आते थे, लेकिन समय के साथ भीड़ बढ़ती गई और अब सैकड़ों लोग पहुंचने लगे हैं। क्षेत्र में पहले भी इसको लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

अलीगंज अग्निकांड के बाद केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की मदद की मांग
15 मौतों के बाद खुलीं पुरानी फाइलें, रिपोर्ट में सामने आए 1043 भवनों से जुड़े तथ्य
मोमबत्तियों की रोशनी में नम हुई आंखें, छात्रों की याद में निकला कैंडल मार्च
रात 3:30 बजे चीखों से टूटी लोगों की नींद, छत पर पहुंचते ही सामने था खून से लथपथ मां का चेहरा
'दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे'... बलिदान दिवस पर CM योगी ने याद किया डॉ. मुखर्जी का संदेश
अब बीएसबी स्कूलों के छात्रों के रिकॉर्ड भी राष्ट्रीय व्यवस्था से जुड़ेंगे, यूपी सरकार ने तेज की बड़ी प्रक्रिया
जिस इमारत में गईं 15 जानें, अब उसी पर बुलडोजर की तैयारी? 2016 का आदेश फिर चर्चा में
लखनऊ अग्निकांड के बाद सवालों की बौछार, संसद से बुलडोजर कार्रवाई तक तेज हुई सियासत
2016 में गिराने का आदेश हुआ था, फिर 15 लोगों की जान लेने वाली इमारत कैसे बची रही?