Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर करारा निशाना साधा है। सपा प्रमुख श्री यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि परिसीमन बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून और परिसीमन को लेकर दोबारा बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है।
अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी बहुमत हासिल नहीं कर पाने के कारण पारित नहीं हो सका था। अब लगभग सात माह बाद सरकार एक बार फिर इस मुद्दे पर विपक्षी दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकती है। सरकार को उम्मीद है कि इस बार संसद में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में सफलता मिल सकती है। अखिलेश यादव पहले भी यह स्पष्ट कर चुके हैं कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया और इसे लागू करने के तरीके पर गंभीर आपत्ति जताई है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण के नाम पर कोई गुप्त राजनीतिक योजना तैयार कर रही है। श्री यादव ने कहा था कि सपा हमेशा महिला अधिकारों और सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है। सपा डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को केवल सियासी नारे के रूप में इस्तेमाल कर रही है। श्री यादव ने सवाल उठाते हुए कहा था कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा शासित राज्यों में महिला मुख्यमंत्रियों की संख्या कितनी है? उन्होंने महिला प्रतिनिधित्व को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए थे।
क्या है परिसीमन ?
16 अप्रैल 2026 को केंद्र सरकार ने लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए थे। इनमें संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल थे। इन प्रस्तावों का उद्देश्य लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक करने, परिसीमन की प्रक्रिया शुरू करने और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था करना था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें