UP Khadi Mahotsav 2026: राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को 10 दिवसीय राज्य स्तरीय 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से 06 दिसंबर तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर और बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर भी मौजूद रहे।
इस वर्ष महोत्सव की थीम 'धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति' रखी गई है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए खादी एवं ग्रामोद्योग उद्यमियों और शिल्पकारों ने कुल 150 स्टॉल लगाए हैं। यहां खादी के कपड़ों, आधुनिक परिधानों और विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। मंत्री राकेश सचान ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर कारीगरों और उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आज खादी केवल पारंपरिक पहनावे तक सीमित नहीं है, बल्कि 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की गुणवत्ता और आकर्षक डिजाइन के कारण युवाओं के बीच भी लोकप्रिय हो रही है।
मंत्री ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान खादी को स्वावलंबन का माध्यम बनाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान मिली है। उनके 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से भी लगातार खादी अपनाने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जा रहा है।
मंत्री राकेश सचान ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 2.79 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों के 27,508 स्टॉलों के माध्यम से उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है।
मंत्री ने लोगों से विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों में खादी के परिधानों को अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र खोले जा रहे हैं। गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने लोगों को खादी अपनाने, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें