Tuesday, 24 November 2026 | Lucknow | 29°C

Dev Deepawali 2026: 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, 2100 ड्रोन दिखाएंगे शिव तांडव

Dev Deepawali 2026: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाराणसी के गंगा घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीप, मंत्रोच्चार, शंखनाद और मां गंगा की भव्य आरती काशी को स्वर्ग जैसा दिव्य स्वरूप प्रदान करेंगे।
Bureau
Bureau News Desk
24 Nov 2026
11:25 AM
1 min read
Dev Deepawali 2026: 11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी, 2100 ड्रोन दिखाएंगे शिव तांडव
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
गंगा के 88 घाटों से लेकर कुंडों और तालाबों तक होगा भव्य दीपोत्सव
लेजर शो और हरित आतिशबाजी बढ़ाएंगे आयोजन की शोभा
2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगा शिव तांडव
दशाश्वमेध घाट की महाआरती होगी विशेष आकर्षण

Dev Deepawali 2026: धर्म नगरी काशी एक बार फिर देव दीपावली के अलौकिक उत्सव के लिए तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज वाराणसी के गंगा घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीप, मंत्रोच्चार, शंखनाद और मां गंगा की भव्य आरती काशी को स्वर्ग जैसा दिव्य स्वरूप प्रदान करेंगे। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश-विदेश से 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। राज्य सरकार ने देव दीपावली को भव्य और दिव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

देव दीपावली पर काशी के 88 पक्के घाटों, कुंडों, तालाबों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता से करीब पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। इनमें लगभग 10 लाख मिट्टी और एक लाख गोबर से बने दीपों का उपयोग किया जाएगा। वहीं गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 3.5 लाख और शहर के 103 कुंडों पर करीब 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। दीप जलाने का निर्धारित समय शाम 5:15 से 5:45 बजे तक रहेगा।

इसके बाद शाम 6 से 7 बजे तक प्रमुख घाटों पर मां गंगा की भव्य आरती होगी। प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ भव्य आरती भी होगी। घाट पर स्थापित 108 किलोग्राम की अष्टधातु से निर्मित मां गंगा की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। पूरे घाट को करीब 500 किलोग्राम देशी-विदेशी फूलों से सजाया जाएगा। 

इस बार देव दीपावली का सबसे बड़ा आकर्षण 2100 स्वदेशी ड्रोन शो होगा। इसके माध्यम से आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण से जुड़े मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में रात 8 से 8:10 बजे तक ड्रोन शो आयोजित होगा। इसके अलावा चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो होगा। रात 8:30 से 8:40 बजे तक ललिता घाट के सामने गंगा पार हरित आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा।

देव दीपावली के अवसर पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को आकर्षक फूलों, रंगीन विद्युत झालरों और पुष्प रंगोलियों से सजाया जाएगा। शाम को धाम के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। ललिता घाट पर भी विशेष दीपदान का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती को विशेष रूप दिया जाएगा। गंगा सेवा निधि के अनुसार, घाट को 21 कुंतल फूलों और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा। इस बार महाआरती कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित होगी।

अमर जवान ज्योति की अनुकृति के सामने रीथ लेइंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं मां गंगा की महाआरती करेंगी। शंखनाद और डमरुओं की गूंज के बीच श्रद्धालुओं को गंगा स्वच्छता और निर्मलीकरण का संकल्प भी दिलाया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण गंगा सेवा निधि के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। पुष्कर तालाब पर काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसमें भारतरत्न पंडित मदन मोहन मालवीय, गिरिजा देवी, वीरभद्र मिश्र, पंडित किशन महाराज और उस्ताद बिस्मिल्लाह खां सहित कई महान हस्तियों को याद किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान ब्रह्मा और पुष्कर तालाब की भव्य आरती भी होगी।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीपोत्सव मनाया था। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से उतरकर काशी के गंगा घाटों पर आते हैं और मां गंगा की आरती में शामिल होते हैं। पंचगंगा घाट से शुरू हुई दीपदान की परंपरा आज पूरे काशी क्षेत्र में फैल चुकी है। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और पितरों को शांति मिलती है। 

Explore Related Topics

Dev Deepawali 2026 Dev Deepawali Varanasi Varanasi Dev Deepawali

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News