Dev Deepawali 2026: उत्तर प्रदेश सरकार काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी में जुटी है। इस बार देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को अनूठा अनुभव मिलने वाला है। गंगा के घाटों पर दीपों की जगमगाहट और मां गंगा की भव्य आरती के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो का आयोजन किया जाएगा। 24 नवंबर को मनाई जाने वाली देव दीपावली पर चेत सिंह घाट में 25 मिनट का विशेष 'काशी-कथा' शो आयोजित होगा। इसमें काशी के पौराणिक इतिहास, भगवान शिव की महिमा, सनातन परंपराओं और धार्मिक विरासत को आकर्षक दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि देव दीपावली का आयोजन परंपरा और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के रूप में होगा। गंगा किनारे स्थित ऐतिहासिक इमारतों पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक यात्रा दिखाई जाएगी। इस तकनीक के माध्यम से ऐतिहासिक भवनों पर उभरने वाले दृश्य ऐसे प्रतीत होंगे, मानो इमारतें स्वयं काशी की प्राचीन कथाएं सुना रही हों। इस बार के शो में अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग का इस्तेमाल किया जाएगा।
डिजिटल स्क्रीन पर दिखाई देने वाले त्रिआयामी दृश्य और ऐतिहासिक इमारतों पर पड़ने वाली रोशनी मिलकर दर्शकों को एक खास अनुभव देंगे। 25 मिनट के इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज के साथ होगी। इसके बाद भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा का चित्रण किया जाएगा। शो में भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड से जुड़े धार्मिक प्रसंगों को भी दिखाया जाएगा। इसके साथ ही गंगा की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश भी आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
काशी-कथा के अंतिम चरण में लगभग आठ मिनट का भव्य लेजर शो आयोजित किया जाएगा। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक डिजिटल दृश्यों के जरिए यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए यादगार बनाई जाएगी। जयवीर सिंह ने बताया कि 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का आनंद लेने के लिए किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। कार्यक्रम का प्रदर्शन रात 7:20 बजे से निर्धारित समय के अनुसार तीन बार किया जाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें