Monday, 23 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: आकाश आनंद का भाजपा सरकार पर हमला, बोले: शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार देने में नाकाम

UP News: बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने आगरा में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
Bureau
Bureau News Desk
22 Nov 2026
04:43 PM
1 min read
UP News: आकाश आनंद का भाजपा सरकार पर हमला, बोले: शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार देने में नाकाम
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
आगरा की जनसभा में बसपा नेता ने की हाथी के सामने वाला बटन दबाने की अपील
दलितों को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने पर भी उठाए सवाल
शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार पर सरकार को घेरा
दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति पर उठाए सवाल

UP News: बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने आगरा में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर विफल रही है। सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है। आकाश आनंद ने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार जनता अपने वोट के जरिए सरकार से हिसाब बराबर कर सकती है। 

जनसभा में आकाश आनंद ने कहा कि जनता सरकार से कोई बड़ी मांग नहीं कर रही है। लोगों को केवल बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इन बुनियादी सुविधाओं को उपलब्ध कराना होना चाहिए, लेकिन प्रदेश में इन मुद्दों पर अपेक्षित काम नहीं हुआ है। बसपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश को विकसित, शिक्षित और सुरक्षित दिखाने वाले विज्ञापनों पर करीब सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके बावजूद आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को उपलब्धियों का प्रचार करने के बजाय जनता के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने पर ध्यान देना चाहिए।

आकाश आनंद ने राज्य सरकार में सामाजिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का उल्लेख करते हुए कहा कि अलग-अलग सामाजिक वर्गों के नेताओं को इन पदों पर बैठा देने मात्र से सभी समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं को केवल राजनीतिक संदेश देने के लिए सामने रखा जाता है। पिछले 10 वर्षों में किसी दलित नेता को उत्तर प्रदेश का उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया। 

आकाश आनंद ने कहा कि उन्होंने तय किया है कि वह गुस्सा करने के बजाय जनता के सामने सरकार का रिपोर्ट कार्ड रखेंगे। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि सरकार के कामकाज को सुनने के बाद अगर उन्हें हंसी आती है तो हंसें, लेकिन अगर गुस्सा आता है तो आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा के चुनाव चिह्न हाथी के सामने वाला बटन दबाकर अपना जवाब दें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे राजनीतिक विरोधियों के बहकावे में न आएं।

बसपा प्रमुख मायावती का संदेश लेकर आगरा पहुंचे आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर गुजरात के बीजेपी नेता, धार्मिक मठों से जुड़े लोग और इटावा की राजनीति करने वाले नेता मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए आगरा पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ऐसे राजनीतिक प्रयासों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसी सरकार चाहिए जो सभी वर्गों को साथ लेकर चले और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बसपा की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। 

Explore Related Topics

Akash Anand BSP News Akash Anand Agra Rally

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News