Up News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दलितों के साथ भेदभाव, पेपर लीक और स्कूल बंद किए जाने जैसे मुद्दे उठाए। साथ ही दावा किया कि 2027 के चुनाव में दलित समाज भाजपा को सत्ता से बाहर करने में अहम भूमिका निभाएगा।
अमित शाह के बयान पर किया पलटवार
अखिलेश यादव ने अपने भाषण की शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अंगद के पैर वाले बयान पर तंज कसते हुए की। उन्होंने कहा कि जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखोगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा की जमीन खिसकने वाली है।
PDA के D को बताया दमदार दलित
सपा प्रमुख ने PDA की चर्चा करते हुए D का मतलब दमदार दलित बताया। उन्होंने कहा कि दलित समाज अब मजबूत हो चुका है और भाजपा को हराने की ताकत रखता है। अखिलेश ने रामजी लाल सुमन का नाम लेते हुए कहा कि भाजपा के फूल को हराने का काम उनके नेता करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का साथ देने वालों का दलित समाज विरोध करेगा।
दलितों पर अत्याचार और अन्याय का लगाया आरोप
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलित समाज के साथ भेदभाव और अन्याय हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि, दलितों के खिलाफ अत्याचार के मामले उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को पहले भी सरकार के सामने उठा चुकी है।
आंबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने का उठाया मुद्दा
सपा अध्यक्ष ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्तियां तोड़े जाने की घटनाओं पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 साल में 151 मूर्तियां तोड़े जाने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन घटनाओं में उचित कार्रवाई नहीं हुई। अखिलेश ने कहा कि बाबा साहब की मूर्ति तोड़ना केवल एक प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि संविधान पर हमला करना है। उन्होंने कहा कि संविधान रहेगा तभी लोगों के अधिकार और लोकतंत्र सुरक्षित रहेंगे।
पेपर लीक और स्कूल बंद होने पर घेरा
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं, जिससे युवाओं को परेशानी उठानी पड़ी और कई परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। उन्होंने करीब 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद किए जाने का भी दावा किया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से PDA समाज के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने अपने भाषण में Gen Z और Gen Alpha का जिक्र करते हुए कहा कि युवा भी सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के विरोध के बाद सरकार को उनकी मांगें माननी पड़ीं। आगरा के इस सम्मेलन में अखिलेश यादव ने दलित समाज, युवाओं, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए 2027 के चुनाव के लिए भाजपा के खिलाफ अपनी पार्टी की रणनीति का संकेत दिया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें