UP News: छठ महापर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने निर्बाध बिजली आपूर्ति करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार की ओर से दीपावली के बाद अब छठ पूजा पर भी गांव से लेकर शहर तक 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही छठ पूजा के घाटों पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने छठ पूजा के दौरान पूरे प्रदेश में लगातार और सुचारु बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और संबंधित अधिकारियों को बिजली कटौती से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति में आने वाली स्थानीय बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए। इसके लिए पर्याप्त मरम्मत टीमें, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखे जाएं, जिससे किसी भी तकनीकी खराबी को जल्द ठीक किया जा सके।
छठ घाटों और आसपास के इलाकों में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग करने, ट्रांसफार्मर और फीडर का लोड जांचने तथा ढीले बिजली तारों और झुके हुए खंभों को तत्काल ठीक कराने को कहा गया है। इसके अलावा पूजा स्थलों पर बिजली के खुले तारों और अन्य संभावित खतरों की जांच करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जा सके।
प्रदेश के पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल सहित सभी विद्युत वितरण क्षेत्रों में विभागीय टीमें लगातार अनुरक्षण और मरम्मत कार्य कर रही हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं, वहां तत्काल मरम्मत कराई जा रही है। संभावित खराबियों को समय रहते दूर करने के लिए रात के समय भी मेंटेनेंस कार्य जारी हैं, ताकि त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो।
योगी सरकार प्रदेश में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी काम कर रही है। इस योजना के माध्यम से विद्युत नेटवर्क को बेहतर बनाने, बिजली वितरण की क्षमता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का कहना है कि बिजली कर्मचारियों की टीमें त्योहार के दौरान लगातार सक्रिय रहेंगी। उपभोक्ताओं की शिकायतों का जल्द समाधान करने के साथ बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को रोशनी, सुरक्षा और बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें