Kangana Ranaut FIR: भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत फिर से विवादों में घिर गई हैं। गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कंगना के पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों राजीव गांधी और संजय गांधी की मौत को लेकर आपत्तिजनक दावे किए जाने का आरोप है।
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि शिमला में रहने वाले कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कंगना रनौत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, धारा 353 और धारा 356 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अतुल शर्मा ने आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत ने बीते 10 नवंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से गांधी परिवार को लेकर कई विवादित बातें साझा की थीं।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक को ईमेल के जरिए से शिकायत भेज तत्काल मामला दर्ज करने के साथ ही साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की थी। अतुल शर्मा के मुताबिक कंगना रनौत के पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को रहस्यमयी विदेशी नागरिक के रूप में बताया गया था। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि वह विदेश के एक कैफे में मौजूद थीं, जब उनके रिश्तेदारों की हत्या कर दी गई। इसके बाद वह सरकार की मुखिया बनीं और उन्होंने एक हैरान कर देने वाली टिप्पणी की।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी सांसद की सोशल मीडिया पोस्ट में संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को पारिवारिक आवास से बाहर कर देने का भी जिक्र है। शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का कहना है कि इस तरह की सामग्री के जरिए गांधी परिवार को लेकर भ्रामक और झूठी धारणाएं फैलाने की कोशिश की जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह के सोशल मीडिया पोस्ट से समाज में वैमनस्य फैलने और सार्वजनिक शांति व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें