UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और जीत की रणनीति तैयार करने के लिए भाजपा की ओर से 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय बैठक होने जा रही है। बैठक में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश संगठन के पदाधिकारी और दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश में चुनावी जिम्मेदारी संभाल रहे संगठन मंत्री शामिल होंगे।
मथुरा में पार्टी की इस अहम बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी उपस्थित रहेंगे। वहीं 17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। भाजपा की बैठक को मिशन 2027 की चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए दूसरे राज्यों के छह संगठन मंत्रियों को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी है।
इनमें राजस्थान के अजय कुमार, मध्य प्रदेश के चंद्रशेखर, छत्तीसगढ़ के करम वीर, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के एन. मधुकर, झारखंड के पवन साईं और महाराष्ट्र के सह संगठन मंत्री शतीश धोंड शामिल हैं। इन सभी संगठन मंत्रियों को उत्तर प्रदेश के छह अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन और चुनावी गतिविधियों को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा गया है। शतीश धोंड को पश्चिम और अजय कुमार को ब्रज क्षेत्र की कमान सौंपी गयी है।
बैठक में क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, संगठन की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों के प्रदर्शन जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कटे नामों को दोबारा जुड़वाने, बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता दूर करने पर भी फोकस रहेगा। इसके साथ ही बैठक के दौरान साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी की कम सीटों पर भी गहन विचार विमर्श होगा। पार्टी नेतृत्व का जोर सभी कमियों और चुनौतियों को पहचानने पर है, जिनका असर पिछले चुनाव में देखने को मिला था।
इसी रणनीति के तहत राज्य के अलग-अलग संगठनात्मक क्षेत्रों में भी बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मथुरा में होने वाली बैठक में ब्रज क्षेत्र के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। भाजपा यह कोशिश कर रही है कि यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सभी तरह की संगठनात्मक कमियों को दूर कर पार्टी की चुनावी तैयारियों को मजबूत कर लिया जाए। मथुरा की बैठक मिशन 2027 के लिए आगे की रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें