UP: कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के 68 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। पार्टी से निलंबित किये गये सभी युवा पदाधिकारियों पर एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली में शामिल न होने का आरोप है। पार्टी हाईकमान ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
दरअसल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से एक नवंबर को दिल्ली में चुनाव आयोग और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ रैली आयोजित की गई थी। रैली में सांसद राहुल गांधी भी थे। साथ ही विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता भी रैली में शामिल हुए थे। पार्टी नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को भी रैली में पहुंचने के निर्देश दिए थे, लेकिन बड़ी संख्या में युवा पदाधिकारी दिल्ली की रैली में शामिल नहीं हुए।
कांग्रेस हाईकमान तक रैली में पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी का मामला पहुंचा। जिसके बाद निलंबन की यह कार्रवाई की गई। निलंबित किए गए 68 पदाधिकारियों में 12 जिलाध्यक्ष, 3 प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव और 18 प्रदेश सचिव के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर को भी पार्टी ने निलंबित कर दिया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस प्रकरण को संगठन के प्रति गंभीर लापरवाही माना। उनके निर्देश पर युवा पदाधिकारियों के खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू हुई।
यूपी ईस्ट के सह संयोजक नरसिम्हा यादव और यूपी ईस्ट के अध्यक्ष विशाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षर से कार्रवाई का पत्र जारी कर दिया गया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद ने उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के 68 पदाधिकारियों के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन को लेकर लापरवाही कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होना और नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना हर पदाधिकारी की जिम्मेदारी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें