UP News: प्रदेश में दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए यूपी पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी-112 की पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) तीन दिनों तक लगातार अलर्ट मोड पर रही। छोटी दीपावली से लेकर दीपावली के अगले दिन तक पुलिस ने कुल 2,05,738 जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई। सामान्य दिनों में यूपी-112 को प्रतिदिन औसतन करीब 38 हजार सहायता संबंधी सूचनाएं मिलती हैं। ऐसे में त्योहार के दौरान सहायता की मांग में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यूपी-112 के डीजी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश में आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेशभर में पीआरवी वाहनों को विशेष रूप से सतर्क रखा गया था। आंकड़ों के मुताबिक छोटी दीपावली को 53,264 नागरिकों को सहायता दी गई। वहीं, 8 नवंबर को दीपावली के दिन यह संख्या बढ़कर 74,816 हो गई। इसके बाद 9 नवंबर को सर्वाधिक 77,753 लोगों तक पुलिस सहायता पहुंची। इस तरह तीन दिनों में कुल 2.05 लाख से अधिक नागरिकों को मदद मिली।
यूपी-112 की सवेरा योजना के तहत अकेले रहने वाले और जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सहायता दी गई। तीन दिनों में योजना से जुड़े 2,018 बुजुर्गों को उनकी जरूरत के अनुसार सुरक्षा और मदद उपलब्ध कराई गई। वहीं महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित 'एस्कॉर्ट फॉर वुमेन सेफ्टी' सेवा भी सक्रिय रही। इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक साधन उपलब्ध नहीं होने पर अकेली महिलाओं को सुरक्षित उनके घर या निर्धारित स्थान तक पहुंचाया गया। इस सेवा के माध्यम से तीन दिनों में 11 महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की गई।
दीपावली के दौरान यूपी-112 पर सबसे अधिक शिकायतें और सहायता की मांग पुलिस से जुड़े मामलों में आई। 7 नवंबर को करीब 41 हजार लोगों ने पुलिस सहायता मांगी। 8 नवंबर को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 56 हजार और 9 नवंबर को करीब 59 हजार पहुंच गया। पीआरवी टीमों ने मौके पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने और जरूरत के अनुसार पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का काम किया।
त्योहार के दौरान स्वास्थ्य और अग्निशमन से जुड़ी आपात स्थितियों में भी त्वरित कार्रवाई की गई। 7 से 9 नवंबर के बीच मेडिकल सहायता से संबंधित 36,817 मामलों में एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई। वहीं, आग लगने और अग्निशमन से जुड़ी 7,029 घटनाओं में फायर ब्रिगेड की मदद पहुंचाई गई। आतिशबाजी के कारण आग लगने की आशंकाओं को देखते हुए दमकल सेवाओं को भी सतर्क रखा गया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें