Swachh Survekshan: प्रदेश के शहर स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों लखनऊ, गाजियाबाद और वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन किया है। राजधानी लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बना है। साथ ही वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन की श्रेणी में देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा को सम्मान प्रदान किया। इन उपलब्धियों को राज्य में स्वच्छता अभियान, आधुनिक कचरा प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी का परिणाम माना जा रहा है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में तीसरी रैंक बरकरार रखी है। शहर में पुराने डंपिंग स्थलों पर जमा 20 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इससे पुरानी जमीन को दोबारा उपयोगी बनाया जा रहा है। जैविक कचरे से खाद और आरडीएफ के माध्यम से औद्योगिक ईंधन तैयार किया जा रहा है। नगर निगम ने इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया है। खास बात यह है कि लखनऊ की पेपर मिल कॉलोनी के वार्ड-70 ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। नुक्कड़ नाटकों और जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को स्वच्छता से जोड़ा जा रहा है।
गाजियाबाद ने कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने का मॉडल अपनाया है। लोनी, डासना और निडोरी स्थित कचरा प्रसंस्करण प्लांटों की क्षमता बढ़ाकर 3,650 टन प्रतिदिन कर दी गई है। शहर में करीब 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया गया है। इसके साथ ही 17 मियावाकी फॉरेस्ट में 3.43 लाख पौधे लगाए गए हैं। प्लास्टिक कचरे से पाइप, बेंच और वर्टिकल गार्डन बनाए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूह गोबर से रूफटॉप कूलिंग पेंट तैयार कर रहे हैं। इस नवाचार को ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज मेयर्स चैलेंज-2025 में एक मिलियन डॉलर का अनुदान भी मिला है।
वाराणसी ने गंगा और घाटों की सफाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। शहर के सभी वार्डों में चार डिब्बों के माध्यम से अलग-अलग श्रेणियों में कचरा एकत्र किया जा रहा है। घाटों की सफाई तीन शिफ्टों में होती है। पूजा सामग्री को गंगा में जाने से रोकने के लिए ट्विन बिन और अपर्ण कलश लगाए गए हैं। नदी में तैरते कचरे को हटाने के लिए ट्रैश स्किमर और नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रदेश के शहरों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए इसे सफाई मित्रों, नगर निकायों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें