Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। श्री यादव ने सपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो यश भारती सम्मान को फिर से शुरू किया जाएगा। सपा प्रमुख ने इसके साथ यश भारती की सम्मान राशि को भी दोगुना करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यश भारती की सम्मान राशि 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी जाएगी। इस दौरान शिवपाल यादव, सांसद डिंपल यादव, अवधेश प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य नेताजी के समाजवादी आंदोलन और विचारधारा को आगे बढ़ाना है। सपा की सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी योजनाओं को फिर से मजबूत किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि यश भारती सम्मान यूपी की प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का अहम जरिया है। सपा सरकार बनने पर इस सम्मान को फिर से शुरू किया जाएगा और सम्मान राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी।
https://x.com/samajwadiparty/status/2124429248928879023/video/1?t=15
साथ ही श्री यादव ने यह भी ऐलान किया कि बीजेपी सरकार के दौरान जिन गांवों में स्कूल बंद किए गए हैं, सपा सरकार बनने पर उन्हें फिर से शुरू कराया जाएगा। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि राम मनोहर लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए विश्वस्तरीय हॉस्टल की व्यवस्था भी की जाएगी। श्री यादव ने आगे कहा कि सपा सरकार पहले भी केजीएमयू, आरएमएल लखनऊ और सैफई मेडिकल कॉलेज में एसजीपीजीआई जैसी सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम कर चुकी है। भविष्य में राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही मेडिकल छात्रों के लिए 'वन बॉन्ड, वन सैलरी' व्यवस्था लागू करने का वादा भी किया।
इस अवसर पर श्री यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव की स्मृतियों को याद किया और कहा कि नेताजी के पास कोई भी मदद की उम्मीद लेकर आता था, वे उसकी परिस्थितियों के मुताबिक यथासंभव मदद जरूर करते थे। उन्होंने हमेशा लोगों को साथ लेकर चलने और मुश्किल समय में साथ नहीं छोड़ने का संदेश दिया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी नेताजी के इसी व्यवहार और विचारधारा को लेकर आगे बढ़ रही है। हर जरूरतमंदों की मदद करना और समाज के हर वर्ग को सम्मान देना ही पार्टी की प्राथमिकता रहेगी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि यह ऐसी सरकार है, जो जनता को देने से कहीं ज्यादा उससे छीनने का ही काम करती है। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव प्रतिभाशाली लोगों का सम्मान और प्रोत्साहित करते थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा। श्री यादव ने आगे कहा कि रूठे लोगों को मना संगठन से जोड़ना और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने का रास्ता है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें