UP News: उत्तर प्रदेश को खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) का पहला सैटेलाइट सेंटर स्थापित करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस केंद्र की स्थापना से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई तकनीकी ताकत मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों, किसानों और युवाओं के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। इसके लिए लखनऊ में तीन स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र आलमबाग, राजकीय उद्यान अलीगंज और उद्यान निदेशालय हजरतगंज शामिल हैं।
उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बाबू लाल मीणा के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप कृषि और उद्यानिकी को आधुनिक तकनीक तथा उद्योगों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। निफ्टेम सैटेलाइट सेंटर में खाद्य प्रसंस्करण और उद्यान क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों को इस तरह तैयार किया जाएगा कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को उद्योगों में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। केंद्र के संचालन और विकास में निफ्टेम सोनीपत के विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा। यहां खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाएं, अनुसंधान एवं विकास (R&D), तकनीकी प्रशिक्षण और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इससे नए खाद्य उत्पाद तैयार करने और मौजूदा उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।सैटेलाइट सेंटर में विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों की क्षमता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों को खाद्य प्रौद्योगिकी की नई तकनीकों, आधुनिक अनुसंधान और उद्योगों में हो रहे बदलावों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय-समय पर विशेष तकनीकी सत्र भी आयोजित होंगे।
योगी सरकार की इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच और प्रमाणन व्यवस्था को मजबूत करना भी है। इसके लिए निफ्टेम के सहयोग से लखनऊ स्थित क्षेत्रीय खाद्य अनुसंधान एवं विश्लेषण केंद्र (RFRAC) को तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा APEDA और राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (NABL) से संबंधित प्रक्रियाओं में भी विशेषज्ञों की मदद मिलेगी। इससे खाद्य उत्पाद बनाने वाले उद्यमियों को गुणवत्ता मानकों और प्रमाणन की प्रक्रिया समझने में आसानी होगी। इसका लाभ प्रदेश के खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर पहचान दिलाने में मिल सकता है।
इस संस्थान में पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव पर भी विशेष जोर रहेगा। विद्यार्थियों को NIFTEM सोनीपत का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए सर्टिफिकेशन कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। एमएससी के विद्यार्थियों के लिए विलेज एडॉप्शन प्रोग्राम संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को चयनित गांवों से जोड़कर कृषि उत्पादों की उपलब्धता, प्रसंस्करण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े व्यावहारिक अनुभव दिए जाएंगे। वहीं राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, लखनऊ के एमएससी विद्यार्थियों को नए खाद्य उत्पादों के विकास और अनुसंधान परियोजनाओं में शामिल किया जाएगा।निफ्टेम सैटेलाइट सेंटर के विकास में निफ्टेम सोनीपत, केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (ICAR-CISH), केंद्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान (CFTRI) और लखनऊ विश्वविद्यालय सहयोग करेंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें