PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को राजधानी लखनऊ दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगभग 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा NSG, ATS, PAC और एंटी-ड्रोन सिस्टम को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा ड्यूटी में 8 डीसीपी, 10 एडीसीपी, 34 एसीपी समेत निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सिपाही और महिला पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। इसके साथ ही PAC की 11 कंपनियां, NSG की एक विशेष टीम और ATS के तीन दल तैनात रहेंगे। प्रधानमंत्री के निर्धारित मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है।
प्रधानमंत्री पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) और इंस्टीट्यूट फॉर ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (आईटीओटी) के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री के हाथों पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष तैयारियां की हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और एसजीपीजीआई में सेफ हाउस बनाए गए हैं।
तीनों अस्पतालों में करीब 50 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात रहेंगी। इनमें हृदय रोग, मेडिसिन, सर्जरी और हड्डी रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। ICU, इमरजेंसी, जरूरी दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और ब्लड की व्यवस्था भी की गई है। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शनिवार दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक शहर में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन और स्कूली वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिलाया जाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें