PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच शानदार बॉन्डिंग देखने को मिली। प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार एक-दूसरे से मुस्कुराते हुए मिले और गर्मजोशी के साथ गले लगाया। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहीं। नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।' इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीयता साफ दिखाई दी।

पटना पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने गंगा नदी पर बने छह लेन के अत्याधुनिक 'नीतीश सेतु' को राष्ट्र को समर्पित किया। यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसकी लंबाई लगभग 9.7 किलोमीटर है, जबकि पहुंच मार्गों सहित पूरी परियोजना करीब 19.7 किलोमीटर लंबी है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से उत्तर- दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। नीतीश सेतु के शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी। खासतौर पर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना आने-जाने में सुविधा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार को 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया और कई नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं में सड़क कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इनका उद्देश्य बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री ने बिहार में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 100 पीएम-ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें