UP Weather: चक्रवाती तूफान अकवान के असर के चलते उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान का प्रभाव राज्य के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में 21 और 22 नवंबर को तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ इलाकों में व्रजपात होने की संभावना जताई गयी है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर आम जनमानस को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वांचल के वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर और आसपास के जनपदों में चक्रवाती तूफान का असर दिखेगा और मौसम में बदलाव होगा। इन क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही गरज-चमक और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के संभावना हैं।
बारिश के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। ऐसे में सुबह के समय यात्रा करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी। कम दृश्यता के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है। पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में बीते शुक्रवार को अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
गोरखपुर जनपद में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वाराणसी जिले में 28.5 डिग्री, आजमगढ़ में 29.4 डिग्री और प्रयागराज में 29 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। शुक्रवार शाम तक इन जनपदों में मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पूर्वांचल के मौसम में तूफान के असर के चलते बदलाव हो सकता है। ऐसे में लोगों को बारिश, तेज हवाओं और व्रजपात की चेतावनी को गंभीरता से लेने की जरूरत है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें