जनता दर्शन में महिला ने गुम हुए बच्चे की लगाई गुहार, CM योगी ने दिया मदद का आश्वासन

Gorakhpur News: गोरखपुर जनता दर्शन में अंबेडकरनगर की महिला ने बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत की। CM योगी ने अधिकारियों को तत्काल खोज के निर्देश दिए और अन्य मामलों में भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
News Desk 01 Dec 2025, 09:13 AM 1 min read
जनता दर्शन में महिला ने गुम हुए बच्चे की लगाई गुहार, CM योगी ने दिया  मदद का आश्वासन


>गोरखनाथ मंदिर स्थित दिग्विजयनाथ सभागार में आयोजित जनता दर्शन में शनिवार को अंबेडकरनगर की एक महिला अपने लापता बच्चे की शिकायत लेकर पहुंची। महिला के भावुक निवेदन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बच्चे की तलाश के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।


>महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताया कि उसका बच्चा साइकिल से बाजार गया था और लौटकर नहीं आया। कई दिनों की तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए बच्चे की खोज में हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने महिला को आश्वस्त किया कि बच्चा जल्द मिल जाएगा।


>जनता दर्शन के तीसरे दिन मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, जिनमें जमीन कब्जे से जुड़ी कई शिकायतें शामिल थीं। भू-माफियाओं के मामलों पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


>कार्यक्रम में गंभीर बीमारियों के इलाज से संबंधित कई मामले भी सामने आए। इलाज में आर्थिक मदद की मांग करने वाले लोगों को मुख्यमंत्री ने आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों के उपचार अनुमान तैयार कर उसे शासन को शीघ्र भेजा जाए, ताकि विवेकाधीन कोष से राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। जनता दर्शन में पहुंचे बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें