>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के मौके पर देशवासियों और प्रदेशवासियों को जीएसटी रिफॉर्म का उपहार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस सुधार से छात्रों, आम नागरिक और व्यापारियों सभी को लाभ मिलेगा। नशामुक्त भारत और युवा सशक्तिकरण के संदेश के साथ रविवार को उन्होंने अपने आवास पर ‘नमो मैराथन’ का शुभारंभ किया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। यह मैराथन कालिदास मार्ग से शुरू होकर 1090 चौराहे पर समाप्त हुई।
>सीएम योगी ने बताया कि नई जीएसटी नीतियों के तहत आवश्यक वस्तुओं, जैसे शिक्षण सामग्री, दूध, दही, घी, पनीर और खाने-पीने की चीजों पर छूट दी गई है। वहीं, नशे और फिजूलखर्ची पर अधिक टैक्स लगाया गया है। बाइक, कार, घर, स्टील और सीमेंट जैसी चीजों पर छूट देकर युवाओं और व्यवसायियों को नई संभावनाओं के लिए प्रेरित किया गया है। उनका कहना था कि जीएसटी रिफॉर्म न सिर्फ गरीब को राहत देगा बल्कि उपभोक्ता और व्यापारी दोनों की आर्थिक ताकत बढ़ाएगा और नए रोजगार सृजन में मदद करेगा। ‘नमो मैराथन’ युवाओं को बुराई, अत्याचार, भ्रष्टाचार और नशे से दूर रहने का संदेश देती है। युवाओं को अनुशासन और शालीनता के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता अभियान भी शामिल हैं।
>योगी आदित्यनाथ के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। यदि युवा शक्ति सकारात्मक दिशा में बढ़ेगी तो राष्ट्र को गौरव मिलेगा, और नशे की ओर बढ़ी तो पतन निश्चित है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अनुशासन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें