“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की भावना को आत्मसात करते हुए लखनऊ ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साह, उमंग और संकल्प के साथ भव्य रूप में मनाया। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन ऐतिहासिक रेजीडेन्सी परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
>कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक थे। योग दिवस समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विशिष्ट अतिथियों ने हिस्सा लिया।
>रेजीडेन्सी में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राएं, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं आम जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संदेश और योगाभ्यास का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे सभी प्रतिभागियों ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना।
>योग दिवस पर आयोजित सत्र में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योग प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, कपालभाति, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इन क्रियाओं के माध्यम से योग के स्वास्थ्यवर्धक लाभों को रेखांकित किया गया और नागरिकों को प्रतिदिन योग करने का संकल्प दिलाया गया।
>कार्यक्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, सांसद संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, प्रमुख सचिव आलोक कुमार, जिलाधिकारी विशाख जी, मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
>उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा, “योग आज वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन बन चुका है। यह हमारे मस्तिष्क, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से आज दुनिया योग की शक्ति को पहचान रही है। योग अब भारत का नहीं, विश्व का उपहार है।”
>लखनऊ के अलावा जिले भर के ब्लॉकों, तहसीलों और सरकारी व निजी संस्थानों में भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लाखों लोगों ने भाग लेकर एक स्वस्थ समाज की दिशा में योगदान दिया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें