प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने देश और दुनिया के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग पूरी दुनिया को जोड़ने वाली शक्ति है और आज 21 जून वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े सामूहिक उत्सव के रूप में स्थापित हो चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिमालय से हिंद महासागर तक और पूर्वोत्तर से लेकर सौराष्ट्र तक पूरा देश योग की ऊर्जा से भरा हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व के अलग-अलग हिस्सों से योग दिवस के आयोजन की प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आ रही हैं और यही योग की सबसे बड़ी शक्ति है कि वह लोगों को जोड़ता है। उन्होंने कहा, "पूरा विश्व और पूरा देश एक-दूसरे से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है और यही तो योग की ताकत है। योग सबको जोड़ता है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के नागरिकों की ओर से किए गए स्वच्छता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि 'स्वच्छता से स्वागत' जैसी पहल देश के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।
योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल में मौजूदगी को विशेष बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, महर्षि अरविंद और लाहिड़ी महाशय का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों ने योग और आध्यात्मिक चेतना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर को भी याद किया और कहा कि उनका मानना था कि मनुष्य की पहचान दुनिया से जुड़ाव में है और यही योग का मूल भाव भी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने महर्षि अरविंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा जीवन ही योग है और योग मानव एकता का आधार बन सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि चेतना, ऊर्जा और आत्मविकास का माध्यम भी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बढ़ती उम्र किसी व्यक्ति की क्षमताओं को सीमित न करे। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष की आयु में व्यक्ति को 20 वर्ष की तुलना में अधिक लचीला, 50 वर्ष की आयु में 30 वर्ष की तुलना में अधिक ऊर्जावान और 70 वर्ष की आयु में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति अधिक प्रतिरोधक क्षमता रखने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें