>अपराध की दुनिया में एक नाम जो अब पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है कुलदीप उर्फ ठेला। कभी जेबकतरी से अपने ‘करियर’ की शुरुआत करने वाला यह युवक अब संगीन आपराधिक मामलों का ‘आदतन अपराधी’ बन चुका है। हाल ही में लखनऊ में एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने उस पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है और अब उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
>कमालगंज थाना क्षेत्र के महरूपुर रावी गिहार बस्ती निवासी कुलदीप का आपराधिक सफर अचानक नहीं, बल्कि परिस्थितियों और प्रवृत्तियों के मेल से उपजा हुआ है। लगभग आठ वर्ष पहले पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियों ने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया। दिव्यांग बड़े भाई, मां, पत्नी और बच्चों के साथ रहने वाला कुलदीप पहले जेबकतरी करता था, फिर धीरे-धीरे लूट, चोरी, मारपीट, बलवा और यहां तक कि दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में लिप्त हो गया।
>कुलदीप पर कमालगंज थाने में कुल छह और कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली में एक मामला दर्ज है। ये मुकदमे चोरी, मारपीट, बलवा, दुष्कर्म, और हत्या के प्रयास जैसी धाराओं में हैं। वर्ष 2019 से 2024 तक विभिन्न आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आता रहा, जिनमें IPC की धाराएं 376, 307, 452, 504 और 506 जैसी गंभीर कानूनी धाराएं शामिल हैं।
>पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में कुलदीप पर गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार के मुताबिक, कुलदीप के खिलाफ दर्ज अपराधों की संख्या और गंभीरता को देखते हुए अब उसकी हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है, जिससे उस पर निगरानी और कड़ी हो सके।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें