राजधानी लखनऊ के बंगला बाजार स्थित भदरुख इलाके में एक फीट जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सौतेले भाइयों और उनके परिजनों ने 60 वर्षीय ओमप्रकाश पर हमला कर दिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। परिवार ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, आशियाना थाना क्षेत्र के भदरुख निवासी ओमप्रकाश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि उनके पिता गुरु प्रसाद की तीन शादियां हुई थीं। पहली पत्नी जदुराई से ओमप्रकाश थे, जबकि तीसरी पत्नी रामपति से ललित मोहन, शिव मोहन और प्रेम मोहन नाम के तीन बेटे हैं। परिवार के बीच घर के निकास द्वार पर करीब एक फीट जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे। ओमप्रकाश की बेटी छवि ने बताया कि करीब दो सप्ताह पहले भी तीनों आरोपियों ने उनके पिता और भाई रजनीश के साथ मारपीट की थी। इस मामले में आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की थी।
छवि का आरोप है कि 20 मई को उनका भाई रजनीश घर से बाहर निकल रहा था, तभी ललित, शिव, प्रेम और उनके दो रिश्तेदारों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे ओमप्रकाश और उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की।
परिवार के मुताबिक, शनिवार सुबह ओमप्रकाश की पत्नी उन्हें इलाज के लिए ले जा रही थीं, तभी आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। आरोप है कि ओमप्रकाश के पेट में ईंट मारी गई, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में उनके मुंह से झाग निकलने लगा और उनकी मौत हो गई। मामले में आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें