डेढ़ घंटे तक ११ वोल्ट हजार बिजली के खंभे पर जलते रहे तार

लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
Bureau 31 Mar 2026, 05:00 PM 1 min read
डेढ़ घंटे तक ११ वोल्ट हजार बिजली के खंभे पर जलते रहे तार

लखनऊ। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित मटियारी इलाके में मंगलवार देर रात ग्यारह हजार बिजली के खंभे से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 10 बजे मटियारी कोल्ड स्टोरेज के पास की बताई जा रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली की तार उखड़ जाने के कारण खंभे से तेज स्पार्किंग शुरू हो गई, जो देखते ही देखते आग की चिंगारियों में बदल गई। इस दौरान आसपास के लोग और राहगीर घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

 

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने तत्काल बिजली विभाग को फोन कर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान लगातार स्पार्किंग होती रही, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल से महज 900 मीटर की दूरी पर स्थित पावर हाउस होने के बावजूद भी समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जो विभागीय लापरवाही को उजागर करता है।

 

लोगों के मुताबिक, 11 हजार वोल्ट की लाइन से आग के गोले निकल रहे थे और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। कई लोगों ने शिवपुरी पावर हाउस में बार-बार फोन कर स्थिति की गंभीरता बताई, लेकिन आरोप है कि शिकायत सुनने के बाद फोन काट दिया गया।

 

बाद में स्थिति गंभीर होने पर शिवपुरी पावर हाउस के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बंद की, जिससे स्पार्किंग पर काबू पाया जा सका। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई।

 

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि, “करीब डेढ़ घंटे तक हम लगातार फोन करते रहे, लेकिन किसी ने हमारी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।” वहीं, शिवपुरी पावर हाउस के संबंधित जेई का कहना है कि, “ऐसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी।”

घटना का वीडियो देखें

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें