>राजधानी लखनऊ में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरों ने धावा बोलकर कई घरों को निशाना बनाया। अर्जुनगंज, इटौंजा, कल्याणपुर और खानीपुर में चोरों ने ताले तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी उड़ा लिए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने हाईकोर्ट इलाहाबाद में सह समीक्षा अधिकारी के मकान तक को नहीं छोड़ा और वहां से नकदी व महत्वपूर्ण कागजात पार कर दिए।
>अर्जुनगंज स्थित बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी नेहा वर्मा, जो हाईकोर्ट इलाहाबाद में सह समीक्षा अधिकारी हैं, अपने घर लौटीं तो देखा कि ताले टूटे हुए थे और पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से 1.75 लाख रुपये नकद, पति द्वारा खरीदी गई जमीन की दो रजिस्ट्री, मेदांता अस्पताल के इलाज से जुड़े मूल दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात चोरी हो चुके हैं।
>इटौंजा के चांदपुर गांव निवासी राजाराम ने बताया कि चोरों ने उनके पिता राम प्रसाद को कमरे में बंद कर दिया और घर से 18 हजार रुपये नकद व जेवरात चोरी कर ले गए।
>कल्याणपुर गांव के पूर्व प्रधान माता प्रसाद के घर में भी चोर घुस आए। उन्होंने एक मोबाइल तोड़ दिया और दूसरा उठा ले गए। वहीं, खानीपुर गांव की महिला चंचल वर्मा के घर पर भी चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों के जाग जाने पर वे भाग खड़े हुए।
>अर्जुनपुर गांव निवासी मुकेश ने बताया कि घर में सो रहे परिवार को बिना जगाए चोरों ने सोने-चांदी के करीब एक लाख रुपये के जेवर पार कर लिए।
>पीड़ितों की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी और इटौंजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और चोरों की तलाश तेज कर दी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें