>लखनऊ - राजधानी लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र से एक ऐसी निर्मम हत्या का खुलासा हुआ है, जिसने मां-बेटी के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर 7 साल की मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी, और फिर शव को बेड के बॉक्स में छिपाकर उसी कमरे में शराब और ड्रग्स पार्टी की। हत्या के बाद आरोपी महिला ने पति पर इल्ज़ाम लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की गहन पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया।
>बेटी की हत्या, फिर AC के सामने शव और पार्टी की वहशी दास्तान
>रोशनी उर्फ नाज़, जो कभी दिल्ली और फिर लखनऊ के क्लबों में बार डांसर रही है, ने प्रेमी उदित जायसवाल के साथ मिलकर 13 जुलाई को अपनी बेटी सायनारा उर्फ सोना की गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। बच्ची के चुप रहने के लिए उसका मुंह दबाया गया, और जब वह मर गई, तो उसके पेट पर पैर रखकर चढ़ गई।इसके बाद शव को बेड के बॉक्स में छिपा दिया गया और रातभर उसी बेड पर दोनों प्रेमी सोते रहे। 14 जुलाई को जब बदबू आने लगी, तो शव को निकालकर AC के सामने रख दिया गया, उस पर परफ्यूम छिड़का, और कमरे को फिनायल से धोकर शराब पार्टी की गई।
>पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर बोली – “पति ने बेटी को मारा”
>14–15 जुलाई की रात करीब 3 बजे रोशनी ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसके पति शाहरुख ने घर में आकर बेटी की हत्या कर दी और फरार हो गया। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शव से सड़ांध और कीड़े पड़ चुके थे, जिससे साफ हो गया कि हत्या एक-दो दिन पहले हुई है।
>जांच में प्रेमी टूटा, कबूला पूरा सच
>प्रेमी उदित जायसवाल ने पुलिस पूछताछ में कबूल कर लिया कि वह रोशनी के साथ चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा है। उसने बताया कि रोशनी ने पहले ही अपने जेठ, सास और दो ननदों को रेप केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया था। अब पति को फंसाकर प्रॉपर्टी हड़पने की योजना थी।
>पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने किया हत्या का खुलासा
>सायनारा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि उसकी मौत दम घुटने से हुई, यानी मुंह और गला दबाकर हत्या की गई। मौत के 36–48 घंटे पहले ही वारदात को अंजाम दिया गया था।
>सोशल मीडिया पर ‘मॉडल मां’ की असलियत
>रोशनी सोशल मीडिया पर क्लब डांस वीडियो और हाई-प्रोफाइल पार्टीज़ की रील्स डालती थी। बेटी को अकेले कमरे में बंद कर क्लबों में जाती थी और रात में नशे में धुत होकर वापस आती थी। मोहल्ले वालों से उसका कोई मेलजोल नहीं था।
>साजिश की इंतहा – बेटी से कहलवाया रेप का झूठा वीडियो
>तीन महीने पहले रोशनी ने अपनी बेटी से झूठी रेप कहानी रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल की थी, जिसमें जेठ पर आरोप लगाया गया था। इसी के चलते जेठ सलमान, सास परवीन और ननदें जेल भेज दी गईं। अब पुलिस ने इन सबकी जमानत मंज़ूर होने की पुष्टि की है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें