>उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री आवास के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने आत्मदाह की कोशिश की। महिला की पहचान पीलीभीत की पत्रकार सुमित्रा कौर के रूप में हुई है, जो पुलिस की लापरवाही से परेशान होकर यह खौफनाक कदम उठाने पहुंची थीं।
>घटना लखनऊ के गौतमपल्ली इलाके की है, जहां सुमित्रा कौर अपने भाई के साथ सीएम आवास के पास पहुंचीं। उन्होंने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें समय रहते बचा लिया और आग लगाने से रोक दिया। इसके बाद महिला को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
क्या है मामला?
>सुमित्रा कौर ने पीलीभीत जिले के हजारा थाना क्षेत्र में अपने घर में घुसकर कुछ लोगों द्वारा की गई अभद्रता और उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे वो मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।
>एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया, “महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीलीभीत पुलिस को सूचना भेजी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक मेडिकल जांच के बाद पीड़िता से पूछताछ की जाएगी।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें