पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के चर्चित विकसित उर्फ रॉकी हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिखेड़ा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद फरार चल रहे आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक रॉकी हत्याकांड में वांछित शुभम के भागने की सूचना मिलने के बाद बेहड़ा आस्सा चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शुभम ने दावा किया कि उसे शराब पिलाकर नशे की हालत में हत्या की साजिश में शामिल कराया गया था। आरोपी के अनुसार हत्या के बाद रॉकी का सिर चित्तौड़ा झाल में फेंका गया, जबकि धड़ उसके खेत में दबाया गया। हालांकि आरोपी के इन दावों की जांच पुलिस कर रही है।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि रॉकी के सौतेले बेटे बादल को आशंका थी कि उसका सौतेला पिता परिवार की संपत्ति पर कब्जा कर सकता है। इसी को लेकर कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के अनुसार इस मामले में बादल, उसकी पत्नी, मां रेनू, मोंटी त्यागी और शुभम की भूमिका की जांच की गई है।
पुलिस के अनुसार 18 मई को रॉकी का अपहरण किया गया था। इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव के टुकड़े किए गए। जांच के मुताबिक सिर को चित्तौड़ा झाल में फेंका गया, जबकि धड़ को खेत में दफना दिया गया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही बादल, रेनू और मोंटी त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब शुभम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले में और जानकारियां मिलने की उम्मीद है। मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, कारतूस और संदिग्ध मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि शुभम की भूमिका हत्या की घटना और शव को अपने खेत में छिपाने में सामने आई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें