PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख के माध्यम से प्रधानमंत्री ने विपक्ष की बड़ी पार्टी पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहता है। अपने लेख में पीएम मोदी ने सीधे तौर पर कांग्रेस का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके निशाने पर मुख्य रूप से कांग्रेस ही रही।
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में आगे लिखा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर इस तरह की व्यवस्था के पूरी तरह खिलाफ थे। संविधान की अहमियत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने दस साल पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय किया था, ताकि देश के नागरिकों को संविधान के मूल्यों और महत्व के बारे में जागरूक किया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने ओबीसी आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष पर करारा निशाना साधा।

उन्होंने लिखा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान व्यवस्था के तहत केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। पीएम मोदी ने अपने लेख में महिला आरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया।
उन्होंने कहा कि यह देश को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय और राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने का सरकार का संकल्प जारी रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका पर भी सवालिया निशान खड़े किये। उन्होंने कहा कि संविधान ने विपक्ष की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय की है, लेकिन आज विपक्ष अपनी भूमिका निभाने के बजाय बाधाएं पैदा कर रहा है।
पीएम मोदी ने अपने लेख में नक्सलवाद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में गरीब लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। इस वर्ष नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता से उन्हें विशेष संतोष हुआ है। अब गरीब और आदिवासी समुदाय के लोग बिना भय के अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें