Bareilly News: दीपावली के बाद अब भाई दूज और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। त्योहारों के कारण ट्रेनों और बसों में भीड़ लगातार बढ़ गई है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना टेढ़ी खीर हो गया है। वहीं हवाई किराये में भी काफी बढ़ोतरी से लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। रेलवे की विशेष ट्रेनों में सामान्य ट्रेनों के मुकाबले लगभग 30 प्रतिशत तक ज्यादा किराया लिया जा रहा है। लेकिन यात्रियों के लिए राहतयह है कि बरेली होकर गुजरने वाली 20 से अधिक अप-डाउन विशेष ट्रेनों में सीटें खाली चल रही हैं।
इस बार रेलवे बरेली होकर कुल 72 विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। वहीं 102 नियमित ट्रेनों में सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे लगातार अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था कर रहा है। रेलवे विभाग ने बरेली होकर गुजरने वाली 10 विशेष ट्रेनों की समय-सारिणी जारी की है। बरेली से मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध है।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव और इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन के मुताबिक जिन रूटों पर यात्रियों की मांग अधिक है, वहां अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाने के लिए रेलवे ने रैक तैयार रखे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने ट्रेन संख्या 09129-30 लालकुआं-उत्राण विशेष ट्रेन में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का फैसला किया है। यह कोच 12 नवंबर से लगाया जाएगा। इससे छठ पूजा पर घर वापस लौटने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें