>मध्यप्रदेश के श्योपुर ज़िले से सरकारी स्कूल व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाली बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। विजयपुर ब्लॉक के हुल्लपुर प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील बच्चों को प्लेटों के बजाय कागज के टुकड़ों पर परोसा गया। जमीन पर बैठकर बच्चे कागज से खाना खाते दिखाई दिए, जिसने प्रशासन को झकझोर दिया। यह घटना 4 नवंबर की है, जिसके वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल सख्त कार्रवाई की।
>घटना सामने आते ही जिला शिक्षा अधिकारी एम.एल. गर्ग ने विद्यालय प्रभारी भोगीराम धाकड़ को निलंबित कर दिया। साथ ही मिड डे मील तैयार और वितरित करने वाले स्व सहायता समूह का अनुबंध रद्द कर दिया गया है। बीआरसीसी और जनशिक्षक को भी नोटिस जारी किया गया है।
>जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा बच्चों को इस तरह भोजन परोसना अमानवीय है, नियमों का खुला उल्लंघन है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि स्कूल में थालियां उपलब्ध थीं या नहीं? यदि थीं, तो उनका उपयोग क्यों नहीं किया गया? इसके साथ ही ये लापरवाही कब से हो रही थी?
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें