Saturday, 18 July 2026 | Lucknow | 29°C

शराब के लिए मां ने रुपये देने से किया इनकार... अगले ही पल बेटे ने कर दिया ऐसा कि पूरा गांव सन्न रह गया

सीतापुर में शराब की लत ने उजाड़ा एक और परिवार, 65 वर्षीय मां की कथित पिटाई से मौत; पूरी रात शव के पास बैठा रहा आरोपी बेटा, सुबह खुद प्रधान को फोन कर कबूला जुर्म
Bureau
Bureau News Desk
18 Jul 2026
07:43 PM
1 min read
शराब के लिए मां ने रुपये देने से किया इनकार... अगले ही पल बेटे ने कर दिया ऐसा कि पूरा गांव सन्न रह गया
हाइलाइट्स
सीतापुर के बेनियापुर गांव में शराब के लिए रुपये मांगने को लेकर मां-बेटे में विवाद हुआ।
65 वर्षीय सावित्री देवी की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई।
आरोपी बेटा पूरी रात शव के पास बैठा रहा।
सुबह गांव के प्रधान को फोन कर खुद घटना की जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां शराब के लिए रुपये न मिलने से नाराज एक युवक पर अपनी 65 वर्षीय मां की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान उसने मां का सिर कई बार दीवार से टकरा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी पूरी रात अपनी मां के शव के पास बैठा रहा। सुबह नशा उतरने पर उसने खुद गांव के प्रधान को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव की है। पुलिस के अनुसार मृतका सावित्री देवी (65) अपने इकलौते बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। उनके पति लालजी का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि त्रिभुवन लंबे समय से शराब का आदी था। उसकी शराब की लत से परेशान होकर लगभग दस वर्ष पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह अपनी वृद्ध मां के साथ ही रह रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और इसी वजह से मां-बेटे के बीच अक्सर पैसों को लेकर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि शनिवार रात त्रिभुवन नशे की हालत में घर पहुंचा और शराब पीने के लिए मां से रुपये मांगे। सावित्री देवी ने घर की आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि गुस्से में त्रिभुवन ने पहले मां के साथ मारपीट की और फिर उनका सिर कई बार दीवार से टकरा दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सावित्री देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी घर से फरार नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार वह पूरी रात अपनी मां के शव के पास ही बैठा रहा। रविवार सुबह जब उसका नशा उतरा तो उसे घटना की गंभीरता का एहसास हुआ। इसके बाद उसने स्वयं गांव के प्रधान को फोन कर बताया कि उसकी मां की मौत हो गई है। प्रधान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सूचना मिलते ही इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भांजे किशन की तहरीर पर आरोपी त्रिभुवन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के लिए रुपये मांगने और विवाद के दौरान मां के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे बेनियापुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सावित्री देवी बेहद मेहनती और शांत स्वभाव की महिला थीं। उन्होंने अपने बेटे को संभालने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन शराब की लत ने आखिरकार पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस लत की वजह से आरोपी का वैवाहिक जीवन टूटा और अब उसी आदत ने उसकी मां की जान ले ली। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Explore Related Topics

सीतापुर उत्तर प्रदेश क्राइम हत्या मां की हत्या बेटा शराब की लत घरेलू विवाद पुलिस कार्रवाई इमलिया सुल्तानपुर बेनियापुर यूपी न्यूज़

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News