UP Electricity News: उत्तर प्रदेश में धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान लोगों को बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। त्योहारों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने शहर से लेकर गांव तक निर्बाध बिजली आपूर्ति करने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने बिजली विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को लगातार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
शक्तिभवन मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिजली आपूर्ति की समीक्षा की गई। इस दौरान रणवीर प्रसाद ने डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक बिजली कटौती न हो। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आने पर उसे कम से कम समय में ठीक किया जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत टीमें तैयार रखी जाएं। ट्रॉली ट्रांसफार्मर की पहले से जांच करने और बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन पर उपलब्ध रहने के निर्देश भी दिए गए।
ऊर्जा विभाग के अध्यक्ष ने अवर अभियंताओं से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये हैं। अधिकारियों को ट्रांसफार्मर और फीडर का लोड जांचने, ढीले तारों को ठीक कराने और झुके बिजली के खंभों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। घरों की छतों के पास से गुजरने वाले बिजली के तारों को भी निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित करने को कहा गया है। मेलों और सार्वजनिक आयोजनों वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बिजली शिकायतों के समाधान के लिए डिस्कॉम मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर 1912 की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार ने स्कूलों के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों को निर्धारित समय में हटाने के निर्देश दिए हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें