यूपी में आयकर की बड़ी कार्रवाई: दिनेश प्रताप सिंह के बाद अब एसटी हसन के समधी के ठिकानों पर छापा

रामपुर में एसटी हसन के समधी की प्लाईवुड फैक्ट्रियों पर आयकर विभाग का छापा। बलिया में उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी।

उत्तर प्रदेश में आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। बलिया में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के समधी और बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी के बाद गुरुवार को रामपुर में पूर्व सांसद और सपा नेता डॉ. एसटी हसन के समधी के प्रतिष्ठानों पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची।

 

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दिल्ली से आयकर विभाग के अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ रामपुर पहुंचे। टीम ने गंज थाना क्षेत्र स्थित एमआई इंडस्ट्रीज और एमएन इंडस्ट्रीज समेत बगी बायपास के पास एनजी फैक्ट्री में छापेमारी शुरू की। ये प्लाईवुड निर्माण इकाइयां कारोबारी मुन्नान बब्लू और उनके साझेदारों से जुड़ी बताई जा रही हैं।

 

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर को घेर लिया गया और सीआरपीएफ जवानों ने मुख्य द्वार पर सुरक्षा संभाल ली। अंदर दस्तावेजों, खातों और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने परिसर से किसी के बाहर जाने या अंदर आने पर रोक लगा दी है। पूछताछ और रिकॉर्ड की पड़ताल देर शाम तक जारी रहने की संभावना जताई गई है।

 

उधर बलिया में उमाशंकर सिंह से जुड़े छह स्थानों - लखनऊ स्थित आवास, बलिया में घर, होटल, प्लांट और फार्म हाउस पर भी आयकर विभाग की जांच दूसरे दिन जारी रही। अधिकारियों द्वारा वित्तीय दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। आयकर विभाग की ओर से दोनों मामलों में आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है, जबकि जांच प्रक्रिया जारी है।


 

टैग्स :  UP Income Tax Raid, ST Hasan samdhi raid, Umashankar Singh raid, Ramur plywood factory, Ballia IT action, आयकर छापेमारी यूपी, मुरादाबाद, रामपुर

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें