>लखनऊ - उत्तर प्रदेश में युवाओं की तरक्की की कहानी अब कौशल विकास के जरिए लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कौशल विकास आज केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन बन चुका है। बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) ने 14 लाख से अधिक युवाओं को आधुनिक, व्यावसायिक और उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया है।
>इस पहल की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है कि 5.65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार या स्वरोजगार से जोड़ा जा चुका है, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों युवा भी शामिल हैं।
>1000+ ट्रेनिंग पार्टनर्स, 350 से अधिक इंडस्ट्री-रेडी कोर्स
>उत्तर प्रदेश के हर जिले, कस्बे और गांव के युवाओं को उनके रुचि और योग्यता के अनुसार अल्पकालिक प्रशिक्षण देने के लिए मिशन ने 1000 से अधिक ट्रेनिंग संस्थानों को पंजीकृत किया है। यहां 350 से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं, जिन्हें उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की मांगों के अनुसार तैयार किया गया है। इससे युवा सिर्फ प्रशिक्षण नहीं ले रहे, बल्कि सीधे रोजगार से जुड़ने में सक्षम हो रहे हैं।
>उद्योगों से साझेदारी: 'फ्लेक्सी ट्रेनिंग पार्टनर योजना' बनी सेतु
>योगी सरकार की पहल ‘फ्लेक्सी ट्रेनिंग पार्टनर योजना’ के तहत अब तक 33 औद्योगिक इकाइयों को मिशन से जोड़ा गया है। इनकी भागीदारी से युवाओं को सीधे इंडस्ट्रीज के माहौल में ट्रेनिंग और प्लेसमेंट का अवसर मिल रहा है। योजना का उद्देश्य हर जिले से कम से कम 5 नई कंपनियों को जोड़ना है। हाल ही में 11 नई कंपनियों के साथ अनुबंध किए गए हैं।
>ग्रामीण युवाओं के लिए वरदान बनी 'दीन दयाल उपाध्याय योजना'
>ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) ने एक क्रांतिकारी भूमिका निभाई है। इस योजना के अंतर्गत अब तक 1.80 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और इनमें से 1.30 लाख को रोजगार मिल चुका है। योजना में निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण और गारंटीड प्लेसमेंट का प्रावधान है।
>रोजगार मेले बने अवसर का मंच
>राज्य सरकार द्वारा आयोजित 1736 रोजगार मेलों में अब तक 4.13 लाख युवाओं को नौकरी के अवसर मिले हैं। इन मेलों के ज़रिए 2537 कंपनियों ने युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। ये मेले न केवल नौकरी के द्वार खोलते हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें