>परिवार और समाज की उपेक्षा का सामना कर रही महिलाओं और बेटियों के लिए उत्तर प्रदेश में संचालित वन स्टॉप सेंटर एक प्रभावी सहारा बनकर उभरे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में स्थापित इन केंद्रों के माध्यम से त्वरित न्याय, परामर्श, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
>महिला कल्याण विभाग के अनुसार, राज्य के 75 जिलों में कुल 94 वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। पिछले साढ़े आठ वर्षों में इन केंद्रों के माध्यम से 2.39 लाख महिलाओं को सहायता प्रदान की गई है। वन स्टॉप सेंटरों का उद्देश्य हिंसा, उत्पीड़न या उपेक्षा का शिकार महिलाओं को तत्काल संरक्षण, कानूनी सहायता, चिकित्सकीय सुविधा और मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
>महिला कल्याण विभाग की निदेशक संदीप कौर ने बताया कि इन केंद्रों में आने वाली महिलाओं की ट्रॉमा काउंसिलिंग कराई जाती है। स्थिति सामान्य होने पर उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाता है। इसके साथ ही आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है।
>कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत होटल मैनेजमेंट, मोबाइल रिपेयरिंग, ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई सहित कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विभाग के अनुसार, प्रशिक्षण पूरा करने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। लेक्मे सैलून, स्टारबक्स और विभिन्न फाइव स्टार होटल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के सहयोग से प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में कई महिलाएं इन संस्थानों में कार्यरत हैं, जिनमें लखनऊ की एक युवती फाइव स्टार होटल में सुपरवाइजर के पद पर कार्य कर रही है।
>निदेशक संदीप कौर के अनुसार, प्रदेश भर में संचालित वन स्टॉप सेंटरों के माध्यम से जरूरतमंद और उपेक्षित महिलाओं को त्वरित न्याय, काउंसिलिंग और कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
>वन स्टॉप सेंटरों के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा जारी रखने की सुविधाएं भी दी जा रही हैं। लखनऊ की एक युवती ने इन सुविधाओं का लाभ लेकर बिहार में पीसीएस-जे परीक्षा में सफलता हासिल की, जबकि एक अन्य युवती ने आयुष विभाग के होम्योपैथिक विंग में मेडिकल ऑफिसर के पद पर नियुक्ति पाई। लखनऊ के वन स्टॉप सेंटर को वर्ष 2019 में राष्ट्रपति द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार और 8 मार्च 2024 को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें