उत्तर प्रदेश में बारिश ने मचाई तबाही! सड़कें बनीं दरिया, मंदिर-घाट जलमग्न

सावधान उत्तर प्रदेश! मानसून ने दिखाई ताकत, 47 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
News Desk 07 Jul 2025, 01:45 AM 1 min read
उत्तर प्रदेश में बारिश ने मचाई तबाही! सड़कें बनीं दरिया, मंदिर-घाट जलमग्न


>उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक इस बार राहत से ज्यादा आफत लेकर आई है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कें तालाब बन गई हैं, घरों में पानी घुस गया है और स्कूलों में छुट्टियां घोषित करनी पड़ी हैं। वहीं कई नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

कासगंज से बिजनौर तक जलप्रलय का मंजर


>कासगंज में सोमवार सुबह से हुई मूसलाधार बारिश के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक में 1 फीट पानी भर गया। सड़कों पर लबालब पानी भरने से वाहन रेंगने लगे और लोग बाल्टियों से घरों से पानी निकालते नजर आए।


>बिजनौर में डेढ़ घंटे की बारिश ने सड़कें डुबो दीं। वहीं बुलंदशहर में रात 2 बजे से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे गलियों में 3 फीट तक पानी भर गया है। हालात को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

अयोध्या में सरयू नदी उफान पर, वार्निंग लेवल से बस 20 सेमी नीचे


>अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर 91.35 मीटर तक पहुंच गया है, जो वार्निंग लेवल 91.73 मीटर से केवल 20 सेमी नीचे है। अगर यही गति (1 सेमी प्रति घंटे) रही तो आज रात तक नदी वार्निंग लेवल पार कर सकती है।

प्रयागराज: गंगा-यमुना ने दिखाया रौद्र रूप


>प्रयागराज के नैनी स्थित अरैल घाट पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। घाट की बारादरी की केवल छत ही नजर आ रही है। गंगा का जलस्तर 78 मीटर और यमुना का 75.88 मीटर रिकॉर्ड किया गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जल पुलिस, गोताखोरों और राहत टीमों को तैनात किया गया है।


>SDM करछना तपन मिश्रा ने बताया कि नदियों के किनारे रहने वालों को सावधान कर दिया गया है और बाढ़ चौकियां व राहत शिविर सक्रिय किए गए हैं।

47 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 47 जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। संभल, मुरादाबाद, और हाथरस जैसे जिलों में देर रात से बारिश हो रही है। 2 से 3 फीट तक पानी घरों-दुकानों में घुस चुका है।

बारिश ज्यादा, लेकिन आगे मौसम हो सकता है बेरुखा


>कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, यूपी में मानसून की शुरुआत अच्छी रही है लेकिन अब इसकी रफ्तार धीमी पड़ रही है। सोमवार और मंगलवार को बारिश की संभावना कम है।


>दिन का तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है जबकि रातें कुछ राहत दे सकती हैं।

बरसात के आंकड़े क्या कहते हैं?

  • पिछले 24 घंटे में 43 जिलों में औसतन 3.8 मिमी बारिश
  • 1 जून से अब तक 146.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड, जो कि सामान्य 134.5 मिमी से 9% अधिक है।

पूर्वी यूपी में मानसून की अगली दस्तक की संभावना

विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार की ओर से मानसून का नया चरण पूर्वी यूपी में दाखिल हो सकता है, जिससे गोरखपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर जैसे जिलों में अच्छी बारिश की उम्मीद है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें