>उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने वर्ष 2023 में जारी किए गए तीन महत्वपूर्ण भर्ती अभियानों के लिए मुख्य परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक, ड्राफ्टमैन (नक्शानवीस/मानचित्रक) और आशुलिपिक के लिए होने वाली परीक्षाएं समयबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी।
>वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा का आयोजन 9 नवंबर 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। वहीं, ड्राफ्टमैन (नक्शानवीस) और मानचित्रक मुख्य परीक्षा 23 नवंबर 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। इस दिन आशुलिपिक मुख्य परीक्षा भी होगी, लेकिन इसका समय अलग रखा गया है। यह परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
>आयोग ने बताया कि इन तीनों भर्ती परीक्षाओं के प्रवेश पत्र समय से पहले आधिकारिक वेबसाइट (upsssc.gov.in) पर अपलोड किए जाएंगे। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अलग से नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट पर अपडेट देखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें