वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अपने बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे एक युवक की तेज रफ्तार अज्ञात एम्बुलेंस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मृतक की पहचान अभिषेक कुमार उपाध्याय उर्फ राहुल के रूप में हुई है। उनके पिता प्रमोद कुमार उपाध्याय, निवासी ग्राम सिरसा, ने बताया कि शुक्रवार सुबह अभिषेक अपने बच्चे को छितौनी स्थित डिवाइन सैनिक स्कूल छोड़ने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
सुबह करीब सात बजे जब वह देववाणी इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात एम्बुलेंस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि अभिषेक सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर लोहता थाना पुलिस ने अज्ञात एम्बुलेंस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के मार्गों से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी जुटाने के साथ एम्बुलेंस और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी माध्यमों की मदद से दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें